जाखल। गूगल पे में रुपये ट्रांसफर करने का फर्जी मैसेज भेज कर एक युवती से हजारों रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर जाखल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सिधानी निवासी गुरचरण सिंह ने बताया कि 6 अप्रैल को उसकी बेटी काजल के मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने उसकी लड़की से कहा कि उसने उसके पिता गुरचरण सिंह के 3 हजार रुपये देने थे। उसके पिता का गूगल पे काम नहीं कर रहा था। ऐसे में उसने गूगल पे में रुपये ट्रांसफर करने के लिए उसका नंबर दिया था।
गूगल पे में 3 हजार की जगह गलती से 30 हजार रुपये डाल दिए हैं। युवती को विश्वास दिलाने के लिए ठग ने उसे रुपये ट्रांसफर करने का एक फर्जी संदेश भी भेजा और गलती से डाले गए अतिरिक्त 27 हजार रुपये लौटाने को कहा। ठग ने रुपये डालने के लिए युवती को स्कैनर भेजा। इस पर बेटी काजल ने बगैर अपने अकाउंट के बैलेंस की जांच किए उसके झांसे में आकर व्हाट्सएप पर भेजे गए स्कैनर पर 27 हजार रुपये डाल दिए।
गुरचरण के अनुसार कुछ समय बाद गूगल पे से लेनदेन करने के दौरान युवती को उसके गूगल पे में उक्त राशि न आने के बारे में पता चला। ऐसे में ठगी का आभास होने पर युवती के पिता ने ठग के नंबर पर कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में ऑनलाइन शिकायत दी है।