फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने मिशन बुनियाद के तीसरे चरण की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। विभाग ने 367 विद्यार्थियों की परीक्षा ली थी और सभी को पास कर दिया है लेकिन मेरिट के आधार पर 263 विद्यार्थियों का चयन अलॉटमेंट के लिए किया है। इसमें 131 लड़कियां और 132 लड़के शामिल हैं।
विभाग ने 104 विद्यार्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा है। ऐसे में इन विद्यार्थियों को तब ही दाखिला मिल पाएगा जब चयनित बच्चे दाखिला नहीं लेंगे।विभाग की तरफ से चयनित विद्यार्थियों की राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रविवार को काउंसिलिंग होगी और केंद्र अलॉट किए जाएंगे। विद्यार्थियों को केंद्र में दो साल तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। जिले में विभाग की तरफ से पांच केंद्र चल रहे हैं। -
ये बनाए गए हैं केंद्र
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भट्टूकलां
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूना
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टोहाना
-
3897 विद्यार्थियों ने किया था आवेदन
जिले में मिशन बुनियाद के तहत शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों से आवेदन मांगे थे। जिले से 3897 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। पहले चरण की परीक्षा 3230 ने दी थी। इसमें चयनित ने दूसरे चरण की परीक्षा दी थी और उसमें 429 विद्यार्थी पास हुए थे। तीसरे चरण की परीक्षा 367 विद्यार्थियों ने दी थी। इसमें मेरिट के आधार पर 263 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
-
मिशन बुनियाद के तहत 263 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इन विद्यार्थियों को काउंसिलिंग के आधार पर रविवार को केंद्र अलॉट किए जाएंगे।
- मुकेश मेहता, जिला विज्ञान विशेषज्ञ