रतिया 26 वर्षीय युवक की मौत के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस कर्मचारी
रतिया। गांव नंगल के पास वीरवार सुबह भाखड़ा नहर के किनारे 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया।
पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर फिलहाल इत्तफाकिया की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर सौंप दिया। गांव रतनगढ़ निवासी ज्ञानचंद पुत्र बारुराम पिछले दो-तीन साल से गांव नंगल में रह रहा था और वह गांव खाई के एक ईंट भट्टे पर काम कर रहा था। वीरवार सुबह जब ग्रामीण नंगल गांव में भाखड़ा नहर के किनारे जा रहे थे तो उन्होंने देखा कि एक पेड़ पर फंदे पर ज्ञानचंद का शव लटका हुआ है।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतराकर पोस्टमार्टम के लिए रतिया नागरिक अस्पताल में भेज दिया। पुलिस ने मृतक ज्ञानचंद के पिता बारू राम के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया की कार्रवाई की है। मृतक ज्ञानचंद के दो बच्चे हैं। जिनमें एक लड़का व एक लड़की है।