फतेहाबाद में सिविल सर्जन कार्यालय
फतेहाबाद। सिविल सर्जन कार्यालय ने नेशनल हेल्थ मिशन भर्ती को लेकर एक बार फिर से प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग एनएचएम की नई गाइडलाइन के मुताबिक भर्ती करने जा रहा है। गाइडलाइन के मुताबिक सोमवार और मंगलवार को अलग-अलग पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए सिविल सर्जन कार्यालय में बुलाया गया है। इसको लेकर विभाग ने तीन टीमों का गठन किया है, जो कि सुबह और शाम की शिफ्ट में उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे।
सिविल सर्जन कार्यालय ने दस्तावेज वेरिफिकेशन का शेड्यूल भी जारी किया है। 11 पदों पर भर्ती होने जा रही है और 227 उम्मीदवार लाइन में हैं। सेनेटरी इंस्पेक्टर के एक पद के लिए 81 आवेदन आए हुए हैं। शेड्यूल के मुताबिक कैटेगरी 5, 14 और 15 के उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन 5 जून को सुबह की शिफ्ट में होगा। कैटेगरी 9, 16 और 11 के उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन 5 जून को ही शाम की शिफ्ट में होगा। इसके अलावा कैटेगरी 17 यानि सेनेटरी इंस्पेक्टर पद के उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन 6 जून को होगा।
इन पदों के लिए आए आवेदन
पद आवेदन
प्रशासनिक सहायक 41
डीईआईसी मैनेजर 8
जिला सलाहकार जन स्वास्थ्य 5
जिला डाटा मैनेजर 27
जिला कार्यक्रम समन्वयक 1
जिला कार्यक्रम प्रबंधक 29
जिला गुणवत्ता प्रबंधक 6
वित्त सह सलाहकार 17
माइक्रोबायलॉजिस्ट 6
मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता 6
सैनेटरी इंस्पेक्टर 81
नई गाइडलाइन जारी होते ही रद्द हो गई थी भर्ती प्रक्रिया
सिविल सर्जन कार्यालय ने एनएचएम के पदों की भर्ती प्रक्रिया जनवरी माह में शुरू की थी। मार्च माह में उम्मीदवारों की लिखित और कंप्यूटर परीक्षा हुई। फाइनल परिणाम जारी होने से पहले एनएचएम ने भर्ती को लेकर नई गाइडलाइन जारी कर दी थी। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती प्रक्रिया रोक दी थी और दोबारा आवेदन मांगे थे।
कोट
एनएचएम की नई गाइडलाइन के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। 5 और 6 जून को उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद नियम के अनुसार भर्ती होगी।
-डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन