गांव समैन में शराब ठेका न खोलने को लेकर ग्राम पंचायत की बैठक में उपस्थित पंच व सरपंच रणबीर गिल
समैन। टोहाना खंड के सबसे बड़े गांव समैन में गांव की ग्राम पंचायत ने शराब का ठेका खोलने का विरोध किया है। गांव में शराब का ठेका न खुले इसके लिए ग्राम पंचायत की तरफ से रविवार को बैठक बुलाई गई। बैठक में तय हुआ कि यदि सरकार ने ग्राम पंचायत के विरोध के बावजूद शराब का ठेका खोला तो उसका जमकर विरोध किया जाएगा। ग्राम पंचायत द्वारा बुलाई ग्रामीणों की बैठक में गांव के सरपंच रणबीर सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
बैठक में ग्राम पंचायत द्वारा लिए गए फैसले के बारे में जानकारी देते हुए गांव के सरपंच रणबीर गिल ने बताया कि ग्राम पंचायत बनने के बाद ही गांव में नशे को रोकने के लिए गांव में शराब का ठेका न खोलने के लिए हरियाणा सरकार को लिखित में प्रस्ताव दिया था। हालांकि इस प्रस्ताव के बावजूद भी गांव में शराब के ठेके का ड्राॅ करवाया जा रहा है। यह सरकार की सोची समझी चाल है, ताकि गांव का आपसी भाईचारा खराब हो। इसलिए उन्होंने गांव में शराब का ठेका खोलने पर उसका विरोध करने का फैसला लिया है। अब यदि सरकार जानबूझकर गांव में शराब का ठेका खोलेगी तो आने वाले दिनों में उसका विरोध होगा। गांव में शराब के खुर्दे भी बंद करवा दिए गए थे। उन्होंने बताया कि शराब को लेकर गांव में तीन मर्डर हो चुके हैं, इसलिए लोगों ने फैसला लिया था कि गांव में शराब का ठेका नहीं खुलेगा।
उन्होंने बताया कि शराब ठेके के टेंडर निकलने से तीन दिन पहले ही आबकारी विभाग व एसडीएम को इस बारे में अवगत करवा दिया गया था कि गांव में शराब का ठेका नहीं खुलना चाहिए। आरोप है कि आबकारी विभाग द्वारा उनको पहले यह कहा गया था कि गांव में शराब ठेका नहीं खुलेगा, लेकिन अब इसका ड्रा जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शराब ठेके के लिए गांव का कोई भी व्यक्ति अपनी जगह नहीं देगा।