नए चालकों के सहारे घूमा रोडवेज बस का पहिया, प्रशासन ने चलाई 69 बसें
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। पिछले दस दिन से हड़ताल पर बैठे रोडवेज कर्मचारियों ने हड़ताल को चार दिन के लिए और बढ़ा दिया है। अब रोडवेज की हड़ताल 29 अक्तूबर तक जारी रहेगी। हड़ताल को चार दिन और बढ़ाने का ऐलान तालमेल कमेटी के सदस्य व यूनियन महासचिव सरबत पूनिया ने बस स्टैंड के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित करते हुए किया। इतना ही नहीं पूनिया ने सरकार पर प्रलोभन देकर हड़ताल तुड़वाने के आरोप जड़ते हुए कहा कि सरकार ने बुधवार को हुई वार्ता में कर्मचारी नेताओं को प्रलोभन दिया कि 510 बसों के अलावा बची हुई 190 बसें यूनियन नेता चला सकते हैं। उधर, हड़ताल के दसवें दिन वीरवार को जिला प्रशासन ने सोसाइटी व स्कूल बसों का सहारा लिए बिना रोडवेज की 69 बसों को आउटसोर्सिंग चालकों व परिचालकों के माध्यम से चलाया।
बुधवार को परिवहन मंत्री के साथ हुई कर्मचारी नेताओं की वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारियों व सरकार के बीच तनातनी और बढ़ गई है। जहां सरकार अपनी बात से कदम पीछे खींचने को तैयार नहीं है, वहीं रोडवेज कर्मचारी भी अपनी जिद्द पर अड़े हुए हैं। इसी के चलते जिले के रोडवेज कर्मचारियों ने वीरवार को बस स्टैंड के सामने धरना भी शुरू कर दिया । वीरवार को धरने पर बैठे कर्मचारियों को संबोधित कर रहे कर्मचारी नेता सरबत पूनिया ने सरकार पर आरोप जड़ते हुए कहा कि सरकार कर्मचारी नेताओं को लालच देकर हड़ताल को तुड़वाना चाहती है। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुई बैठक में उन्हें किमी स्कीम के तहत 190 बसें चलाने का लालच दिया गया। वहीं कर्मचारी यूनियन ने राज्य प्रधान दलबीर किरमारा ने कहा कि जब तक सरकार किलोमीटर स्कीम के तहत लेने जा रही 720 बसों के टेंडर रद्द नहीं कर देती तब तक हड़ताल चलती रहेगी।
-----
गुरुवार को चली रोडवेज की 69 बसें, जीएम बोले शुक्रवार तक सभी बसें चलाने का लक्ष्य
हड़ताल के दसवें दिन जिला प्रशासन ने आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत भर्ती किए गए चालकों व परिचालकों के माध्यम से रोडवेज की 69 बसों को विभिन्न रूटों पर चलाया। उक्त 69 बसों में से 53 बसें फतेहाबाद के बस स्टैंड से तथा 16 बसें टोहाना सब डिपो से चलाई गई हैं। जीएम शंभू राठी ने बताया कि अभी तक आऊटसोर्सिंग के माध्यम से 56 चालकों व 50 परिचालकों को नियुक्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से सभी बसों को चलाने के आदेश आने के बाद, आरटीए के माध्यम से आउटसोर्सिंग पॉलिसी-1 के तहत और चालकों व परिचालकों की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य शुक्रवार को डिपो की सभी बसों को चलाने का है।
--------
नई भर्ती के अंतिम दिन भी लगी रही आवेदन करने वाले बेरोजगारों की लाइनें
रोडवेज कर्मियों की हड़ताल के चलते सरकार द्वारा तीन महीने के लिए निकाली गई भर्ती के लिए आवेदन करने के अंतिम दिन भी फार्म भरने वाले बेरोजगार युवकों की लंबी लाइनें देखनेे को मिली। नई भर्ती के लिए वीरवार को अंतिम दिन चालक पद के लिए 439 व परिचालक के लिए 877 आवेदन आए। अब जिले में चालक पद के लिए कुल 2422 व परिचालक पद के लिए 3794 आवेदन हो गए हैं।
-------------
सभी प्रमुख रूटों पर बहाल हुई रोडवेज बस सेवा
वीरवार को रोडवेज की 69 बसें चलने के बाद जिले के लगभग सभी लोकल व लंबे रूटों पर रोडवेज बसों के फेरे शुरू कर दिए गए हैं। जीएम शंभू राठी ने इसकी पुष्टि की है। वीरवार को फतेहाबाद डिपो की लंबे रूटों पर फतेहाबाद से रोहतक, फतेहाबाद से ऐलनाबाद, फतेहाबाद से उकलाना होते हुए कैथल, पंजाब होते हुए चंडीगढ़ व भट्टू होते हुए हिसार तथा रतिया होते हुए पंजाब के सरदूलगढ़ के लिए रवाना हुई तथा तथा बाकी बसों को विभिन्न लोकल रूटों पर चलाया गया।
वर्जन
अब तक हमनेे आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत 56 चालक व 50 परिचालकों भर्ती कर वीरवार को रोडवेज की 69 बसें चलाई हैं, सरकार की तरफ से सभी बसें चलाने के आदेश के बाद हमने आरटीए से और चालकों व परिचालकों की मांग की है।
- शंभू राठी, रोडवेज महाप्रबंधक, फतेहाबाद।