अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
स्वामी नगर प्राइमरी स्कूल के बच्चों को शौचालय के आगे बनने वाले मिड-डे मील से तो पहले ही छुटकारा मिल चुका है, अब इस स्कूल की नई बिल्डिंग बनाने का रास्ता भी साफ हो गया है। 'अमर उजाला' में खबर छपने के बाद हरकत में आए शिक्षा विभाग ने इसके लिए 44 लाख की पहली ग्रांट भी जारी कर दी है। उम्मीद है कि अब जल्द ही स्वामी नगर प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। खुद जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने इसकी पुष्टि की है।
'अमर उजाला' ने उठाया स्कूल की खस्ता हालत का मुद्दा
कई वर्षों से जमीन अलाट होने के बावजूद स्वामी नगर प्राइमरी स्कूल और ठाकर बस्ती प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग के लिए ग्रांट जारी नहीं हो पा रही थी। जिसके कारण स्वामी नगर में दो कमरों के स्कूल में साढ़े तीन सौ बच्चे और ठाकर बस्ती में आठ मरले की जगह में 180 बच्चे शिक्षा ग्रहण करने को मजबूर थे। 'अमर उजाला' ने इन स्कूलों का दौरा किया और इसके बाद यहां की बदहाल हालत पर ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की। इस खबर के छपते ही जिला उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने मामले का संज्ञान लिया और डीईईओ से तुरंत इस पर रिपोर्ट तलब की। डीसी के आदेश के बाद डीईईओ संगीता बिश्नोई ने स्वामी नगर स्कूल का निरीक्षण किया और तुरंत प्रभाव से मिड-डे मील बनाने की जगह शौचालय से हटाकर अन्य जगह व्यवस्था कराई। इसके बाद स्कूल की बिल्डिंग बनाने की फाइल का शिक्षा विभाग को लेकर पत्र लिखा। जिसके बाद ये ग्रांट जारी की गई है। विभाग की ओर से एक करोड़ 20 लाख रुपये की लागत का एस्टीमेट भेजा गया था। जिसमें से 44 लाख रुपये की ग्रांट भेज दी गई है।
ठाकर बस्ती प्राइमरी स्कूल की भी दोबारा मांगी है फाइल, सालों से अटका है मसला
इसी तरह एमसी कॉलोनी स्थित ठाकर बस्ती प्राइमरी स्कूल को भी लगभग चार साल पहले पुरानी कचहरी की जमीन पर एक एकड़ जगह अलॉट हो चुकी है। लेकिन बार-बार रिमाइंडर के बावजूद विभाग ने अभी तक इस स्कूल के निर्माण के लिए ग्रांट जारी नहीं की थी। लेकिन 'अमर उजाला' में स्वामी नगर के साथ ठाकर बस्ती प्राइमरी स्कूल की भी हालत प्रकाशित हुई थी जिसमें 8 मरले की जगह में 180 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जगह की कमी के चलते स्कूल की छत पर मिड-डे बनता है और कड़ाके की ठंड और भयंकर गर्मी में भी बच्चों को छत पर ही बैठकर खाना खाना पड़ता था।
'अमर उजाला' द्वारा खबर प्रकाशित करने के बाद एवं डीसी द्वारा हस्तक्षेप के बाद शिक्षा मुख्यालय से स्वामी नगर प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग के लिए 44 लाख रुपये की ग्रांट भेज दी गई है। इससे अब जल्द ही स्कूल का निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा। इसके अलावा ठाकर बस्ती प्राइमरी स्कूल की नई बिल्डिंग की भी फाइल दोबारा मांगी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही ठाकर बस्ती स्कूल के लिए भी ग्रांट जारी हो जाएगी।’
संगीता बिश्नोई, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।