अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। इनेलो के जिला प्रधान बलविन्द्र सिंह कैरों ने कहा कि इनेलो की हांसी में होने वाली जन अधिकार रैली में जिला फतेहाबाद से भारी तादाद में लोग शामिल होंगे। इस रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वह बुधवार को भूना क्षेत्र के गांवों का दौरा करने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की मीटिंग ले रहे थे। उन्होंने कहा कि भीड़ के हिसाब से यह रैली अब तक की सबसे बड़ी रैली कहलाएगी और अन्य रैलियों के सारे रिकार्ड तोड़ देगी। कैरों ने कहा कि इस रैली के बाद साफ हो जाएगा कि आने वाली सरकार इनेलो की ही बनेगी और यह रैली प्रदेश में इनेलो की हवा को इतना तीव्र कर देगी कि इसकी चपेट में आकर अन्य पार्टियों के तंबू उखड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में जो हालात बने हुए हैं, उससे प्रदेश की जनता काफी वाकिफ है। भाजपा केवल जुमलो और इवेंट मैनेजमेंट की सरकार बनकर रह गई है।