अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। फतेहाबाद के हिसार रोड पर नवनिर्मित बस स्टैंड का निर्माण कार्य मार्च में पूरा हो जाएगा। इसके बाद यह बस स्टैंड जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। शहर से बाहर हिसार रोड पर नेशनल हाइवे पर स्थित बस स्टैंड के शुरू हो जाने से फतेहाबाद को जाम से मुक्ति मिलेगी तथा यहां पर वर्तमान में चल रहा बस स्टैंड नई जगह पर शिफ्ट हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता जगबीर सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि हिसार रोड पर सेक्टर-5 स्थित बस स्टैंड 8 एकड़ जगह पर बन रहा है। यह तीन मंजिला बस स्टैंड होगा। इसमें 12 बसों के खड़ा करने का स्थान रहेगा। इस बस स्टैंड पर कुल 1153 लाख रुपये की लागत आएगी। इसका निर्माण कार्य 17 अप्रैल 2017 को आरंभ हुआ था और मार्च 2019 में यह बिल्डिंग बनकर तैयार हो जाएगी। यह बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।
कार्यकारी अभियंता जगबीर सिंह ने बताया कि बस स्टैंड के फर्स्ट फ्लॉर पर गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट तथा कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था होगी। सेकेंड फ्लोर पर सैलून, रेस्टोरेंट, कॉफी शॉप व गिफ्ट शॉप होंगी। जबकि तीसरी मंजिल पर कर्मचारियों व जीएम के कार्यालय होंगे। इस बस स्टैंड के शुरू हो जाने के बाद वर्तमान में बस स्टैंड व अस्पताल के बीच जाम से मुक्ति मिलेगी। मालूम हो कि कुछ समय बाद नागरिक अस्पताल हुडा के सेक्टर-9 में आरंभ हो जाएगा। तब मॉडल टाऊन व अस्पताल परिसर का क्षेत्र हुडा द्वारा कामर्शियल कर दिया जाएगा। मालूम हो कि वर्तमान में फतेहाबाद में चल रहे बस स्टैंड का निर्माण 1982 में हुआ था। तब फतेहाबाद सब डिवीजन था। धीरे-धीरे आबादी बढ़ने के बाद फतेहाबाद को भी 1997 में जिला घोषित कर दिया गया। तब से फतेहाबाद में नए बस स्टैंड की मांग जोर पकड़ रही थी।