अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। चिटफंड कंपनियों के खिलाफ फतेहाबाद एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है। दो चिटफंड कंपनियों के पदाधिकारियों को गिरफ्तार करने के बाद फतेहाबाद एसआईटी ने अब फ्यूचर विजन चिटफंड कंपनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। फ्यूचर विजन चिटफंड कंपनी के हिसार स्थित तीन बैंकों में खाते थे और तीनों खाते ही एसआईटी ने सील करवा दिए हैं। एसआईटी इंचार्ज एवं डीएसपी धर्मवीर पूनियां ने बैंक खाते सील करने की पुष्टि की है। डीएसपी पूनियां की मानें तो फ्यूचर विजन कंपनी के बैंक खातों में लाखों रुपये जमा हैं।
इसके अलावा एसआईटी की एक टीम द्वारा शनिवार को आदमपुर में एक फैक्ट्री में भी छापेमारी करने की सूचना है। दरअसल बीते दिनों गिरफ्तार किए गए वीडीएसटी कंपनी के राधेश्याम व सतबीर ने पुलिस रिमांड में कबूल किया था कि आदमपुर में उन्होंने मसाले बनाने व पैकिंग की फैक्ट्री लगा रखी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो एसआईटी ने इसके बाद ही आदमपुर स्थित फैक्ट्री में छापा चिटफंड कंपनी वीडीएसटी के मामले की जांच के संबंध में मारा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसआईटी टीम ने फैक्टरी पर छापा मारकर वहां से जीरा, हल्दी व मशीनें बरामद की हैं। बताया गया है कि कंपनी के संचालक लोगों को फंसाने के लिए जो मसाले देते थे, वह इसी फैक्टरी से निर्मित होते थे। एसआईटी ने पूरा माल कब्जे में ले लिया है। हालांकि इस छापेमारी के बारे में एसआईटी व पुलिस विभाग के अधिकारी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। इतना ही नहीं, पुलिस सूत्रों की मानें तो इसी फैक्ट्री से ही फ्यूचर मेकर कंपनी भी अपने कुछ उत्पाद तैयार करती थी। गौरतलब है कि पिछले एक माह में फतेहाबाद पुलिस ने चिटफंड कंपनियों के मामले में काफी सख्त रवैया अपना लिया है। अभी तक कुल पांच चिटफंड कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद पुलिस वीडीएसटी व मिंट एवोल्यूशन के पदाधिकारियों को लंबी जांच के बाद गिरफ्तार भी कर चुकी है। ऐसे में संभावना व्यक्त की जा रही है बाकी चिटफंड कंपनियों के निदेशकों पर भी जल्द पुलिस की गाज गिर सकती है।
वर्जन
फ्यूचर विजन कंपनी के तीन खातों की जानकारी मिली थी। ये तीनों बैंक खाते हिसार के बैंकों में थे। बैंकों से बात करके इन खातों को सीज करवा दिया गया है। इन खातों में लाखों रूपये होने की सूचना है।
डीएसपी धर्मवीर पूनियां।