अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन द्वारा नागरिक अस्पताल के बाहर दिया जा रहा धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। हड़ताल के चलते जिले की सारी स्वास्थ्य सेवाएं लगातार पांचवें दिन भी ठप रही। धरने को कांग्रेस महिला विंग की जिला प्रधान कृष्ण पूनियां, किसान नेता कृष्णस्वरूप गोरखपुरिया, सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान भूप सिंह भड़ोलांवाली, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ से राजपाल मित्ताथल, रिटायर्ड कर्मचारी संघ से बेगराज ने भी अपना समर्थन दिया। उधर हड़ताल के समर्थन में एनएचएम महिला कर्मचारी भी आ गई हैं।
जिला प्रधान ने कहा कि सरकार एसोसिएशन की मांगों को जायज मानते हुए भी बहुत लंबे समय से टरकाऊ और अड़ियल रवैये के कारण नोटिफिकेशन जारी नहीं कर रही है। इस कारण प्रदेशभर के बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों के बारे में नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता, हड़ताल जारी रहेगी। धरने को जिला वरिष्ठ उपप्रधान गुलाब कौर, राज्य उपप्रधान वीरपाल कौर ने संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मांगों बारे फाइल स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री से अप्रूव होने के बाद भी वित्त मंत्रालय में अटकी पड़ी है। सकसं जिला प्रधान ने कहा कि बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी काफी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे है। सरकार कर्मचारियों को झूठे आश्वासन देकर परेशान कर रही है। सरकार एसोसिएशन की सभी जायज मांगों को पूरा करें नही तो आंदोलन और उग्र होगा और सर्वकर्मचारी संघ इस आंदोलन में भाग लेगा। आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्वास्थ्य निरीक्षक व वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक के पद को तकनीकी घोषित करने, ग्रेड पे 4200 करने, 2 साल की नीति बनाते हुए पक्का करने व जब तक समान काम समान वेतन देने, वर्दी भत्ता देने, सभी स्वास्थ्यकर्मियों का एफटीएम बढ़ाने की मांग की। इस अवसर पर विक्रम, बिमला, उषा, राजेश, सरोज देवी, सुशीला देवी, सुनीता, पुष्पा, ओमपती, माया, अनीता, कमलेश, सुमित्रा, मनोज, वीरेंद्र, संदीप, ईश्वर, राजेंद्र, लक्ष्मण, स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश, राजबीर, महाबीर, सतपाल, पटेल, कुलदीप, सुभाष, सुषमा, सुमन, गोपाल, पटेल, वीरेंद्र आदि स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।