फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में आज से अगले चार दिन अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी, सरकार ने फतेहाबाद डीसी को भेजा अलर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फतेहाबाद। मौसम विभाग ने वीरवार से लेकर रविवार तक जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की चेतावनी जारी होने के साथ ही प्रदेश सरकार ने भी फतेहाबाद के उपायुक्त डा. हरदीप सिंह को पत्र भेजकर अलर्ट सी स्थिति से अवगत करवा दिया है। प्रदेश सरकार द्वारा फतेहाबाद डीसी को भेजे गए पत्र में आशंका जताई गई है कि फतेहाबाद जिले में एक साथ 70 एमएम बारिश की आशंका है। उधर प्रदेश सरकार से भारी बारिश का अलर्ट मिलते ही जिला प्रशासन एकाएक हरकत में आ गया है और अधिकारियों को सभी ऐतिहातन कदम उठाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से सभी मंडल और जिला अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोई भी अधिकारी अपना स्टेशन नहीं छोड़ेगा। उधर, बुधवार को दोपहर बाद फतेहाबाद शहर सहित जिले के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। इससे तापमान गिर गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
घग्गर नदी, रंगोई और जोइया नाले की सुरक्षा और निगरानी के आदेश
जिले में अत्यंत भारी बारिश की आशंका के बीच डीसी डा. हरदीप सिंह ने अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं कि रतिया में से गुजर रही घग्गर नदी, रंगोई नाला और जोइया नाले की सुरक्षा और निगरानी का काम शुरू कर दिया जाए। बुधवार को अपने कार्यालय में बुलाई गई एक आपात बैठक में डीसी डा. हरदीप सिंह ने निर्देश दिए कि किसी भी नदी या नहर में कट आदि न हो यदि हो जाता है तो उसे तुरंत बंद करवाने का व्यापक प्रबंध किया जाए। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त व सुदृढ़ करें और बारिश का पानी इकट्ठा न हो, इसके लिए उचित प्रबंध करें। डीसी ने कहा कि ग्राम पंचायतों को भी अलर्ट पर रखा जाए और उन्हें निर्देश दिए कि बरसाती पानी ज्यादा होने की स्थिति में अपने स्तर पर भी पंचायतें पानी निकासी के उचित प्रबंध करें और आपात स्थिति में जिला प्रशासन को इस बारे अवगत करवाया जाए। उन्होंने कहा कि पहले से ही मिट्टी कट्टों में भरवा कर रखे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका सदुपयोग किया जा सके।
विज्ञापन

जलभराव वाले स्थानों पर पहले ही पंप फिट करने को कहा
28 जून से एक जुलाई तक भारी बारिश की आशंका के चलते डीसी डा. हरदीप सिंह ने नगर परिषद अधिकारियों को भी तुरंत एवं प्रभावी कदम उठाने को कहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद अक्सर शहर में कई जगह जलभराव हो जाता है। ऐसे में जिन स्थानों पर जलभराव होता है, वहां पर पहले से पानी निकासी के पंप फिट करवा लिए जाएं ताकि जलभराव की स्थिति से समय रहते निपटा जाए।
आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट पर
अगले चार दिन तक भारी बारिश की आशंका के बीच आपदा प्रबंधन विभाग भी एक्टिव हो गया है। विभाग की ओर से पूरे जिले में नावें, चप्पु, लाइफ जैकेट्स, बैटरियां, माइक की उपलब्धता पर नजर रखने को कहा गया है। इसके लिए नायब तहसीलदार एवं तहसीलदारों की डयूटी लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति के लिए जेसीबी मशीनों को भी तैयार रखने को कहा गया है। अगले चार दिनों के लिए आपदा प्रबंधन विभाग विशेष कंट्रोल रूम स्थापित करेगा जिसके जरिये पूरे जिले में सूचनाओं को आदान-प्रदान किया जा सकेगा।
मुश्किल भरे इन चार दिनों में ये होंगी सबसे बड़ी चुनौतियां
1. जिलेभर के शहरों में 4-5 एमएम बारिश से घुटनों तक पानी भर जाता है, 70 एमएम बारिश आने पर हालात क्या होंगे।
2. घग्गर नदी के किनारों को मजबूत करने के लिए पिछले लंबे समय से कोई व्यवस्था नहीं की गई है, एक दिन में हालात कैसे काबू में आएंगे।
3. बाढ़ या किसी अन्य आपदा की स्थिति में आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से दूरदराज के इलाकों तक सामान पहुंचाने की कितनी व्यवस्था है, इसकी इस साल कोई मॉक ड्रिल ही नहीं हुई।
4. फतेहाबाद शहर के अंदर से गुजर रहे नेशनल हाइवे के किनारों पर लगी इंटरलॉक टाइलों को उखाड़ा गया है, अब चार दिन तक बारिश के बाद यहां के हालातों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
5. खेतों में पानी की जरूरत बहुत ज्यादा नहीं है क्योंकि अधिकतर जगहों पर धान की रोपाई हो चुकी है और पानी पहले ही खेतों में खड़ा है। अत्यधिक बारिश की स्थिति में खेतों में नुकसान की स्थिति बन सकती है।
10 डिग्री गिर जाएगा अधिकतम तापमान
अगले चार दिन तक भारी बारिश की चेतावनी के बीच लोगों के राहत की खबर ये है कि अगले चार दिनों में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिन में अधिकतम तापमान में लगभग दस डिग्री की बड़ी गिरावट होने की संभावना है। सामान्यत: इन दिनों अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री से अधिक ही चल रहा है लेकिन लगातार चार दिनों की बारिश के चलते फतेहाबाद का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक गिरने की उम्मीद है। बुधवार को भी थोड़ी-थोड़ी देर के लिए हल्की फुहार चलती रही जिसके चलते मौसम में ठंडक बनी रही।
अधिकारियों के साथ डीसी ने की आपात बैठक
बुधवार सुबह प्रदेश सरकार से भारी बारिश का अलर्ट आते ही जिला उपायुक्त हरदीप सिंह ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक बुलाई। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, उपमंडलाधीश सरजीत नैन, देवीलाल सिहाग, डीआरओ बिजेन्द्र भारद्वाज, बिजली विभाग अधीक्षण अभियंता आरके सबरवाल, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता, ओपी बिश्रोई, कार्यकारी अभियंता होशियार सिंह, डीडीपीओ अनुभव मेहता, विक्रम पूनिया, ईओ अमन ढांडा, आरओ सुरेश दहिया, एसआईएस बलदेव कुमार सहित बाढ़ राहत से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

---------------------
अगले चार दिन तक अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऐसी स्थिति आपात स्थिति मानी जाती है। इसके लिए वैसे ही प्रबंध कर लिए गए हैं। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वो स्टेशन ना छोड़ें और अपने-अपने हालातों पर नजर रखते हुए जिला मुख्यालयों को सूचित करते रहेें।
- डा. हरदीप सिंह, उपायुक्त फतेहाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें