अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
प्रदेश में बच्चियों के साथ वहशियत के बढ़ रहे मामलों के बीच रतिया के गांव कमाना की एक मासूम निर्भया बच्ची भी अपनी हत्या का इंसाफ मांग रही है। वारदात के 9 माह बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ सबूतों से खाली है। हालात ये हो गए हैं कि दो दो एसपी से लेकर पुलिस विभाग के विभिन्न तेजतर्रार पुलिस अधिकारी भी इस मामले में लाचार से नजर आ रहे हैं। डॉग स्कवायड से लेकर फोरेंसिक एक्सपर्ट तक इस मामले में हत्यारे का कोई भी सुराग लगा सकने में नाकाम ही रहे हैं। एक बार फिर से फतेहाबाद पुलिस ने इस मामले में मधुबन फोरेंसिक एक्सपर्ट विभाग की ही शरण ली है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण खुद कमाना की बच्ची से दुराचार व हत्या के मामले को सुलझाने के लिए गांव का दौरा कर चुके हैं लेकिन अभी तक पुलिस इस मामले में असल आरोपी तो दूर, शक की बिनाह पर भी किसी को उठाने में सफल नहीं हो सकी है। अब एसपी दीपक सहारण ने इस मामले में एसआईटी गठित कर मामले की जांच को एक बार फिर नये सिरे से शुरू करवाई है। देखना दिलचस्प होगा कि एसपी की एसआईटी इस मामले में कुछ सुराग लगा पाती है या फिर ब्लाइंड मर्डर पुलिस की आंख में किरकिरी बना रहेगा।
इस तरह हुआ था घटनाक्रम
गांव कमाना की रहने वाली बच्ची सांय तकरीबन 7 बजे अपने पिता के साथ दुकान पर चाय के साथ खाने के मटर लेने गई थी। दुकान से वापिस लौटने लगी तो दुकान के पास एक बड़ा ट्राला गुजर रहा था। पिता ने बेटी को रोका और कहा कि पहले ट्राला गुजर जाने दो । ट्राले के गुजरने के बाद बच्ची अपने घर पहुंची जो दुकान से बहुत ज्यादा दूर नहीं था। घर जाकर उसने अपनी बहनों को वो मटर दिए और कहा कि पास की गली में स्थित एक रिश्तेदार के घर भी मटर देकर आती हूं। इसके बाद से गांव में बच्ची की तलाश शुरु होती है और अगले दिन दोपहर को घर से थोड़ी दूर बच्ची का अर्धनग्र शव जोहड़ के पास बरामद होता है।
पीठ पर मिले छोटे पत्थरों की वजह से जोहड़ के करीब ही माना गया था घटनाक्रम
गांव कमाना में दुराचार के बाद मारी गई पांच साल की बच्ची की पीठ पर जांच टीम को जोहड़ किनारे पड़े छोटे छोटे पत्थरों के निशान मिले थे। जिसके बाद फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जोहड़ किनारे जांच पड़ताल के बाद ये निष्कर्ष निकाला था कि आरोपी ने बच्ची के साथ दुराचार जोहड़ किनारे ही किया था। पहले ये माना जा रहा था कि बच्ची के साथ दुराचार करने के बाद उसे पानी में डुबो कर मारा गया है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ये सामने आया था कि बच्ची के साथ दुराचार करने के बाद कातिल ने मासूम बच्ची का गला घोंटकर उसकी हत्या कर शव जोहड़ के पास फैंका था। हालांकि सीआईए ने अभी तक अपनी अलग थ्योरी को सामने नहीं किया है।
कई सवाल अभी तक हैं अनसुलझे
1. आरोपी गांव के बाहर का है या गांव का ही (उस दिन गांव में कोई धार्मिक कार्यक्रम था)
2. पीड़िता का रेप वहीं हुआ, जहां उसका शव मिला या कहीं और रेप का शव वहां डाला गया।
3. अभी तक इस मामले मेें पुलिस ने शक की बिनाह पर भी किसी को नहीं उठाया, ना कोई पूछताछ
4. मृतका के घर के पास ही स्थित था वो जोहड़, जहां शव मिला, तो कोई जानकार का हाथ हो सकता है या नहीं
5. मृतका घर के बाहर से गायब हुई थी, बाहर का आरोपी होता तो घर के पास ही रेप और हत्या कर शव वहां क्यों डालता
वर्जन
कमाना बच्ची मर्डर केस में जांच अभी तक जारी है। इस मामले में अब एसआईटी का गठन किया है। जांच को एक बार फिर नये सिरे से शुरु की है ताकि सारी कडिय़ों को जोड़ा जा सके। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास करेंगे।
दीपक सहारण, एसपी फतेहाबाद।