रतिया। गांव नागपुर में जनरल स्टोर की दुकान से बुधवार रात्रि को युवक ने दुकान में घुसकर करीब 20 हजार की नकदी चुरा ली। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान मालिक की शिकायत पर गांव नागपुर के ही एक युवक पर भारतीय न्याय संहिता के तहत चोरी का केस दर्ज कर लिया।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज हुआ रतिया क्षेत्र का पहला मामला है। पुलिस को दी शिकायत में नागपुर निवासी गुरजंट सिंह ने बताया कि उसकी नागपुर में संत गंगादास जनरल स्टोर के नाम से दुकान है। रात्रि को वह अपनी दुकान बंद करके थोड़ी दूर ही अपने घर पर चला गया।
जब सुबह आकर देखा तो दुकान के ताले टूटे पड़े थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। दुकान का गल्ला जांचा तो उसमें पड़े करीब 20 हजार रुपये गायब थे। सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने दुकानदार गुरजंट सिंह की शिकायत पर नागपुर निवासी युवक जितेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है।