फतेहाबाद : पिछले कई दिनों से कोटा में फंसे फतेहाबाद जिले के 20 लोगों को आख़िरकार जिला प्रशासन की टीम फतेहाबाद ले आई । इनमें 18 बच्चे और 2 माता- पिता शामिल हैं । शनिवार अलसुबह सभी को हरियाणा रोडवेज की बस में कोटा से फतेहाबाद लाया गया है । इसमे 6 लड़कों को हंस मार्किट स्थित अग्रवाल धर्मशाला और बाकी लड़कियों को अनाजमंडी के पीछे स्थित श्री राम सेवा समिति धर्मशाला में क्वारन्टीन किया गया है । शनिवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम श्री राम सेवा समिति धर्मशाला पहुंची और बच्चों का मेडिकल चेकअप किया गया । स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा इन बच्चों के सैंपल लिए गए हैं और इन सैम्पलों को रोहतक पीजीआई में जांच के लिए भेजा जाएगा जहां से सोमवार शाम तक रिपोर्ट आने की संभावना है। तहसीलदार विजय मेहता ने बताया कि फिलहाल इन बच्चों को 14 दिन के लिए यहां क्वारन्टीन किया गया है । इनकी सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की एक टीम धर्मशाला के अंदर और एक गश्त टीम आसपास तैनात रहेगी ।