गांव कंहड़ी के खेतों में गेहूं के भूसे में लगी आग से जला पॉली हाऊसस्त्रोत ग्रामीण
समैन। गांव कन्हड़ी के खेतों में अचानक आग लगने से 20 एकड़ गेहूं का भूसा और एक पॉलीहाउस जल गया। सूचना मिलने पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग बुझाई लेकिन घटना के कारणों का पता नहीं चल सका।
किसान विकास ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनके खेतों के पास गेहूं के भूसे में आग लग गई। कुछ देर बाद ही आग दूर तक खेतों में फैल गई। आग ने उनके खेत में लगे पॉलीहाउस को भी अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने घटना की सूचना टोहाना स्थित अग्निशमन विभाग के कार्यालय में दी।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाया। गांव के किसानों ने अपनी सूझबूझ से आग को खेत में बसी ढाणियों में जाने से रोक लिया। अन्यथा बड़ी घटना भी हो सकती थी। किसान विक्रम, जग्गी, कुलदीप, राजेंद्र ने बताया कि आग से एक पॉलीहाउस और 20 एकड़ खेत पर बोए गए गेहूं का भूसा जल गया है, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।