गांव ढिंगसरा के पास कार की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हुआ मोटरसाइकिल।
- फोटो : Fatehabad
भट्टूकलां के गांव ढिंगसरा में शुक्रवार रात को तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक पड़ोसी थे और फतेहाबाद से भट्टू आ रहे थे। वहीं, टक्कर मारने के बाद कार दीवार तोड़कर एक ढाणी में जा घुसी। हालांकि हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला।
जानकारी के मुताबिक 50 वर्षीय प्रताप सिंह व 26 वर्षीय रवि निवासी भट्टूकलां मोटरसाइकिल पर सवार होकर फतेहाबाद में गीजर खरीदने के लिए आए हुए थे। दोनों गीजर लेकर रात को वापस लौट रहे थे। गांव ढिंगसरा से निकलने के बाद स्कूल के पास भट्टू की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर दे मारी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस कंट्रोल रूम में दी। एंबुलेंस के द्वारा दोनों को अस्पताल लाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मां-बाप का इकलौता बेटा था रवि : अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे परिजनों ने बताया कि रवि अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। रवि के दो बेटे भी हैं। रवि और प्रताप दोनों ही एफसीआई गोदाम में पल्लेदारी का काम करते थे।