अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
शहर के फतेहाबाद रोड पर हैफेड के पास बिजली के शार्ट सर्किट से खेतों में आग लग गई। इससे किसानों की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पाकर रतिया एसडीएम, थाना प्रभारी व नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैफेड के पास बिजली के शार्ट सर्किट से आग लगने से ठेके पर खेती करने वाले किसान पप्पू की करीब 12 एकड़ की खड़ी गेहूं की फसल जल गई। पप्पू किसान बलजिंद्र सिंह व जीत सिंह की जमीन ठेके पर लेकर काश्त कर रहा था। वहीं आगजनी से किसान जोगेंद्र सिंह व करनैल सिंह की डेढ़-डेढ़ एकड़, किसान सुखचैन, बलवीर, करनैल सिंह की आधा-आधा एकड़ के अलावा अन्य कई किसानों की भी गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने आग पर काबू पाने का काफी प्रयास किया लेकिन तेज हवाओं के साथ आग फैल गई। इस बीच मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की इस घटना में करीब 17 एकड़ गेहूं की फसल जल गई वहीं वीरवार को चली तेज हवा से सहनाल, रायपुर सहित अन्य गंावों में भी किसानों की फसलों व भूसे में आग लग जाने से किसानों का भारी नुकसान हुआ है।
वहीं फतेहाबाद रोड पर हैफेड के पास जैसे ही आग की जानकारी प्रशासन को मिली तो रतिया एसडीएम देवी लाल सिहाग, थाना प्रभारी यादविन्द्र सिंह, नायब तहसीलदार सुरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद किसानों ने एसडीएम के सामने बिजली विभाग की गुजर रही लाईन से शार्ट सर्किट होने की बात कही व किसानों की बर्बाद हुई फसल के मुआवजे की भी मांग की। एसडीएम ने किसानों के सामने ही बिजली विभाग के एसडीओ को फोन करके जांच करने के आदेश दिए। वहीं किसानों को आश्वासन दिया कि उनके द्वारा पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने किसानों को मामले में उचित कार्रवाई व मुआवजा दिलवाने का आश्वासन भी दिया।