अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
एक बार फिर से जिले में जारी बोर्ड परीक्षाओं में नकलचियों को पकड़ने की जिम्मेदारी बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग ने ही अपने कंधों पर संभाली है। सोमवार को जारी बारहवीं की परीक्षा के दौरान बोर्ड फ्लाइंग चेयरमैन टीम ने गांव नागपुर में सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्रा को नकल करते हुए रंगे हाथों काबू कर उसके खिलाफ यूएमसी बनाई है। जिले में कुल 16 फ्लाइंग टीमें बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी कर रही हैं लेकिन अभी तक सिर्फ बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग टीम को ही छापेमारी के दौरान नकलचियों को पकड़ने में कामयाबी मिल रही है।
महिला सदस्य ने ली तलाशी तो हुआ खुलासा
सोमवार को नागपुर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में परीक्षा दे रही एक छात्रा के कपड़ों में फ्लाइंग टीम की महिला सदस्य ने एक के बाद एक पांच पर्चियां निकाली। इतनी पर्चियां एक छात्रा के कपड़ों में से मिलने से फ्लाइंग टीम के साथ साथ परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट और ड्यूटी पर तैनात अन्य स्टाफ सदस्य भी हैरान रह गए। बीते दिन भी एक छात्रा परीक्षा के दौरान अपने सूट और सलवार पर हिंदी की परीक्षा के उत्तर लिखकर लाई थी।
अब तक कुल 11 मामले आए पकड़ में
बोर्ड और जिला प्रशासन की ओर से कुल 16 फ्लाइंग टीमें बनाई गई हैं ताकि बोर्ड परीक्षाओं में नकल को रोका जा सके। सोमवार को भी सभी 16 टीमों ने कुल 80 के करीब परीक्षा केंद्रों को खंगाला। सोमवार को नकल करती छात्रा को मिलाकर अभी तक जिले में कुल 11 नकलचियों को पकड़ा जा चुका है जिसमें से 9 मामले अकेली बोर्ड चेयरमैन फ्लाइंग टीम ने पकड़े हैं। इसके अलावा गांव चिंदड़ के परीक्षा केंद्र पर डयूटी पर तैनात स्टाफ को भी एक बार बदला जा चुका है।