अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं टोहाना के विधायक सुभाष बराला ने कहा कि प्रदेश में सरकार ने तीन साल में लगभग 13 हजार युवाओं को मैरिट के आधार पर स्थाई नौकरियां देने का काम किया है, इनमें अधिकतर गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को नौकरियां मिली हैं। वह स्थानीय वार्ड नंबर 8 व 9 में दादा खेड़ा की मूर्ति स्थापित करने के उपरांत उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले वाली सरकारों ने नौकरियां बेचने का काम किया है। पिछले तीन वर्षों से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बीजेपी सरकार बनाने के बाद भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया है। पिछले तीन सालों से प्रदेश में सबका साथ-सबका विकास के नारे के साथ समान काम-समान विकास की नीति से विकास कार्य करने काम किया है। विकास कार्यों के परिणाम धरातल पर आने शुरू हो गए हैं। श्री बराला ने आगे कहा कि टोहाना विधान सभा क्षेत्र में लगभग एक हजार करोड़ रुपये की धनराशि से विकास कार्य क्रियांवित किए जा रहे हैं। इनमें से कुछ विकास कार्य पूरे चुके हैं और कुछ विकास कार्यों का क्रियान्वन हो रहा है। कुछ विकास कार्य पाईप लाईन में है, जल्द ही उनका क्रियान्वन शुरू हो जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों में हिसार रोड से रतिया रोड वी टू बाईपास, बस स्टैंड, स्टेडियम, पार्क, नहरों पर रैलिंग लगाने सहित ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पक्की गलियों तथा गंदे पानी की निकासी के लिए नालियों सहित अनेक विकास कार्य शामिल है। जाखल में लघु सचिवालय, आईटीआई सहित समैण कलस्टर के गांवों में शहरी तर्ज पर विकास कार्यों के अलावा विधान सभा क्षेत्र में अनेक प्रकार के विकास कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीएम विंडो में आने वाली लोगों की शिकायतों का तुरन्त समाधान किया जा रहा है और जो भी अधिकारी शिकायतों का समय पर निपटान नहीं करता, उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाती हैं। सुभाष बराला ने धर्मशाला के लिए समाज या नगर परिषद द्वारा जमीन उपलब्ध करवाने पर सरकार की तरफ से निर्माण कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। चौपाल की मरम्मत के लिए पूरी धनराशि सरकार द्वारा दिलवाने की बात कही।