अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
रतिया शहर के एक नर्सिंग कॉलेज के डायरेक्टर पर युवती ने धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ऐंठने और फर्जी सर्टिफिकेट देने का आरोप लगाया है। युवती ने इस संबंध में एसपी फतेहाबाद को शिकायत देकर डायरेक्टर व प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बेलरखां गांव निवासी भूपेंद्र पुत्री बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि 26 अक्टूबर 2013 को उसने जीएनएम प्रथम वर्ष के लिए रतिया शहर में स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज में दाखिला लिया। जिसके लिए कॉलेज निदेशक ने ढाई लाख रुपये मौके पर ले लिए और कहा कि जब कक्षाएं शुरू होंगी, तब आपको फोन कर सूचित कर दिया जाएगा। छात्रा के अनुसार एक माह तक फोन न आने पर कॉलेज में पूछा गया तो निदेशक ने 50 हजार रुपये और मांगे और कहा कि आप घर पर बैठकर तैयारी करें, डिप्लोमा घर पहुंचा दिया जाएगा। जिस पर उन्होंने विरोध किया और 50 हजार रुपये दे दिए। आरोप है कि उन्हें बाद में एक डिप्लोमा दिया गया, जिसके बारे में आरटीआई में खुलासा हुआ कि डिप्लोमा फर्जी था। फर्जी डिप्लोमा के बारे में कॉलेज में बताने पर रुपये वापस देने की बात हुई। छात्रा का आरोप है कि न तो उनके रुपये वापस हुए न ही उन्हें डिप्लोमा मिला। आरोप यह भी है कि निदेशक व कॉलेज की प्रिंसिपल ने उसे दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। डीएसपी रविंद्र तोमर ने कहा कि मामले में जांच जारी है और रतिया थाना प्रभारी को शिकायत भेज दी गई है।