कोरोना टीकाकरण को लेकर सोमवार को पहली बार जोश देखने को मिला है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 29 स्वास्थ्य केंद्रों के 180 सेशन साइट पर लगाए गए टीकाकरण कैंप में 17826 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया है। हालांकि विभाग ने 20 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा था।
स्वास्थ्य विभाग के जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक 15828 लोगों ने वैक्सीन की पहली तथा 1998 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। जानकर हैरानी होगी कि टीकाकरण में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों में टीकाकरण को लेकर जोश देखा गया है। 12172 लोगों ने पहली डोज लगवाई है और 631 ऐसे हैं जिन्होंने दूसरी डोज लगवाई। टीकाकरण के दौरान कोविन पोर्टल बंद हो गए। इसके चलते डाटा दर्ज नहीं हो पाया। टीकाकरण करवा चुके लोगों का प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पाया।
जिले में कुल टीकाकरण दो लाख के पार हो गया है। जिले में अब तक 207434 डोज लग चुकी है। 179056 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है तथा 28378 ने दोनों डोज लगवा ली है।
जिले में सोमवार को लगाए मेगा कैंप में 17826 लोगों ने टीका लगवाया है। टीकाकरण को लेकर ये अभियान आगे भी जारी रहेंगे। लोगों से अपील है कि वैक्सीन जरूर लगवाएं। - डॉ. सुनीता सोखी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।