अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। पिछले पांच दिनों से बढ़ रहा घग्गर का जल स्तर शनिवार को कम होना शुरू हो गया है। शनिवार को चांदपुरा का जलस्तर 750 क्यूसिक कम होकर 11900 क्यूसिक रह गया। जबकि शुक्रवार को यहां का जल स्तर 12650 था। गुहला चीका में शनिवार को जल स्तर काफी कम हो गया अब वहां 18480 रह गया जबकि शुक्रवार को यह 34755 था। खन्नोरी में जल स्तर 11600 क्यूसिक रह गया है। जल स्तर कम होने से घग्गर के तटवर्ती क्षेत्र में बसे किसानों ने राहत की सांस ली है। सिंचाई विभाग के अनुसार हिमाचल में बरसात बंद होने के बाद खन्नोरी में एकाएक जल स्तर कम हो गया और इसका असर चांदपुरा में रविवार तक देखने को मिलेगा। पीछे से पानी न आने से एक दो दिन में यहां घग्गर नदी का पानी आगे चला जाएगा तब यहां खतरा पूरी तरह टल जाएगा। उधर गांव जाखल के किसान हरनेक सिंह ने बताया है कि अगर बिना बांध टूटे पानी कम होता है तो इसका रबी की फसल में फायदा होगा। रबी की फसल तक यहां का जल स्तर उपर आ जाएगा और गेहूं की बिजाई में पानी की आवश्कता कम पड़ेगी। गांव नडेल के किसान जगरूप सिंह ने बताया है कि कई सालों से यहां बाढ़ न आने से जल स्तर निचे चला गया था अब इसके उपर आने की उम्मीद है।