अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। कबीर महाकुुंभ में शामिल होने वाले लोगों को सफेद चने और पूडिय़ों का स्वाद भी मिलेगा। इसके लिए होडल जिला परिषद चेयरपर्सन चमेली देवी सोलंकी ने 12 जुलाई से सारी व्यवस्था का काम शुरू करवा दिया है। आयोजक इस कार्यक्रम में 12 हजार कबीर पंथी लोगों के शामिल होने का अनुमान लगा रहे हैं और उनके खाने-पीने का कार्यक्रम की तैयारियां भी इसी तरह की जा रही हैं। होडल जिला परिषद चेयरपर्सन चमेली देवी सोलंकी ने बताया कि उन्हें समारोह में आने वाले लोगों के लिए खाने का इंतजाम करने की जिम्मेदारी मिली थी। इसके लिए फतेहाबाद के बिश्रोई होटल संचालकों की मदद से लगभग 60 कारीगर रविवार सुबह तक दो लाख पूडिय़ां तैयार करेंगे और इन पूडिय़ों को सफेद चने की सब्जी के साथ परोसा जाएगा। इसके अलावा समारोह में आने वाले लोगों के लिए देसी घी का हलवा भी तैयार किया जाएगा। जिसमें लगभग पांच क्विंटल से अधिक देसी घी का इंतजाम किया गया है।
40 सिलेंडरों की मदद से दिनरात जारी है खाना बनाने का काम
सिरसा रोड़पर सागर पैलेस में लगभग 40 गैस चूल्हों पर पिछले तीन दिन से दिन-रात कारीगर सारी व्यवस्था में जुटे हुए हैं। इसके लिए बिश्रोई ढाबा के बलबीर बिश्रोई ने बताया कि इसके लिए उन्हें दूरदराज से विशेष कारीगरों को बुलाना पड़ा है ताकि समय पर आर्डर पूरा किया जा सके।