इंजन फेल होने से 3 घंटे पिरथला स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। पिरथला रेलवे स्टेशन पर हिसार से जाखल जा रही पैसेंजर गाड़ी की पावर फेल हो गई। जिसके बाद जाखल से नया इंजन मंगवाने के बाद गाड़ी को आगे भेजा गया। लगभग 3 घंटे तक गाड़ी पिरथला स्टेशन पर खड़ी रही। जिससे गाड़ी में बैठे यात्रियों को गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान स्टेशन पर ग्रामीणों द्वारा लगाई गई पानी की स्टाल उनके लिए वरदान साबित हुई।
अचानक हो गया पावर फेल
गांव पिरथला के रास्ते हिसार से होकर जमालपुर के रास्ते जाखल की ओर जाने वाली पैसेंजर गाड़ी का पावर फेल होने से गाड़ी पिरथला रेलवे स्टेशन पर आकर बंद हो गई। सूचना मिलने के बाद धुरी से गाड़ी का इंजन मंगवाया गया तथा 3 घंटे बाद गाड़ी को रवाना किया गया। पिरथला के सरपंच प्रतिनिधि को जब पता चला तो उन्होंने मौके पर जाकर ग्रामीणों की मदद से सबमर्सिबल के पानी से टैंकर भरवाया तथा स्टेशन पर जाकर यात्रियों को पानी मुहैया करवाया।
स्टेशन मास्टर हरभजन सिंह ने बताया कि पावर फेल होने के चलते गाड़ी पिरथला में बंद हो गई। जिसके बाद धुरी से इंजन मंगवाने के बाद गाडी को रवाना किया गया। सुबह लगभग 6 बजे गाड़ी का इंजन फेल हुआ था जिसके 3 घंटे बाद गाड़ी को रवाना किया गया।