बाइक के सामने सांड आने से हुआ हादसा, एक की मौत, दो गंभीर
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। गांव जमालपुर के पास सांड के बाइक के सामने आ जाने से असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक पर सवार एक युवक की शनिवार रात को मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए टोहाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो की गंभीर हालत को देखते हुए उनको अग्रोहा मेडिकल कालेज में रेफर कर दिया। मृतक के शव का रविवार को पोस्टमार्टम करके शव परिजनों को हवाले कर दिया गया है।
पुलिस को दिए बयान में पंजाब के गांव खोखर निवासी सतगुरु ने बताया कि वह अपने साथी सतनाम व मक्खन के साथ बाइक पर टोहाना के गांव जमालपुर में किसी कार्य के लिए गया था। शनिवार रात को जब वह वापिस लौट रहे थे तो अचानक सूर्या पैलेस के सामने उनकी बाइक के आगे एक सांड आ गया। जिसे बचाते समय उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में मक्खन के सिर में चोट होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की मदद से उन्हें नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने सतनाम व सतगुरु की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।