फतेहाबाद।
अगर आप दो पहिया वाहन चलाते हैं लेकिन हेलमेट नहीं पहनते तो अपनी आदत बदल लीजिए। प्रदेश सरकार ने पिछले तीन साल में फतेहाबाद जिले में हुए हादसों और इनमें जान गंवाने वालों का आंकड़ा जारी किया है। सरकार के मुताबिक साल 2015 से लेकर 2017 तक जिले में कुल 790 हादसों में कुल 329 लोग जान गवां चुके हैं। इस रिपोर्ट में सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा ऐसे दो पहिया वाहन चालकों का है जिन्होंने हादसे के दौरान हेलमेट नहीं डाला हुआ था और अगर हादसे के समय हेलमेट होता तो शायद उन लोगों की जान बच सकती थी।
564 हादसों में दो पहिया वाहन हुए शिकार, 235 लोगों की मौत
प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार पिछले तीन सालों में हुए कुल 790 सड़क हादसों में से 564 में दो पहिया वाहन ही हादसों का शिकार हुए। दो पहिया वाहन चालकों की बात की जाए तो कुल 235 दो पहिया वाहन सवार लोगों की जान गई है। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात ये है कि इन 235 दो पहिया सवार मृतकों में से 176 लोगों की जान बचाई जा सकती थी, अगर इन मृतकों ने हेलमेट डाला हुआ होता तो इनमें से अधिकतर की जान बचाई जा सकती थी। ट्रैफिक पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार इन 176 मृतकों में से ज्यादातर युवकों के सिर पर गहरी चोट आई जिसके चलते उनकी मौत हुई।
------------------------
पुलिस के अभियान के बाद भी नहीं चेत रहे वाहन चालक
लोगों को यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए जिला पुलिस कप्तान दीपक सहारण व ट्रैफिक इंचार्ज रिछपाल के नेतृत्व में पुलिस ने पिछले दिनों लगातार जागरूकता अभियान चलाया था। इस दौरान अनेक लोगों के चालान काटे भी गए। लेकिन अभी तक पुलिस विभाग लोगों की आदत में सुधार नहीं करवा पाया है। पुलिस विभाग ने अब लोगों की आदत को सुधारने के लिए स्कूलों में ही विद्यार्थियों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।
----------------------------------
लगातार हादसों के बावजूद अवैध कटों पर अभी तक कार्रवाई नहीं
फतेहाबाद शहर के अंदर और साथ लगते फोरलेन-बाईपास पर बने अवैध कटों के कारण पिछले दो सालों में हादसों और मौतों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिला उपायुक्त द्वारा लगभग दो माह पहले हादसों पर रोक लगाने के लिए शहर के अंदर बने अवैध कटों पर रोक लगाने के आदेश दिए थे। लेकिन दो माह बीतने के बावजूद अभी तक इस दिशा में प्रशासन की ओर से इस संदर्भ में कोई कदम नहीं उठाया गया है। इसके अलावा हंसपुर बाईपास मोड़ पर सर्वाधिक हादसे होने के बावजूद भी प्रशासन ने इसके लिए जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं किया है।
फतेहाबाद जिले में पिछले तीन साल में हुए हादसों व मौतों का ब्यौरा
वर्ष सड़क दुर्घटना मौत दोपहिया वाहन मृतक बिना हेलमेट मौत
2015 259 105 189 73 लगभग 58
2016 269 110 191 79 लगभग 55
2017 262 114 184 83 लगभग 63
कुल 790 329 564 235 176
--------------------------
लोगों को ट्रैफिक नियमों, खासकर हेलमेट पहनने के लिए लगातार जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में कई कार्यक्रमों में युवाओं को हेलमेट वितरित भी किए हैं। कोशिश करेंगे कि सड़क हादसों में कमी लाई जाए ताकि सबसे महत्वपूर्ण इंसानी जानों को बचाया जा सके।
- दीपक सहारण, पुलिस कप्तान, फतेहाबाद।