भट्टूकलां। पुलिस ने मंगलवार रात कार्रवाई करते हुए शहर की एवन कॉलोनी से 17 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वहां से 2.16 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के दौरान छत से गिरने पर एक एसपीओ घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए दिल्ली के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
थाना प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एसआई बीरबल के नेतृत्व में गश्त पर थी तो सूचना मिली कि विक्रम निवासी किरढान ने राकेश का मकान किराये पर लिया हुआ है और वहां कई लोग जुआ खेल रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर 17 लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया।
पकड़े गए युवकों की पहचान विकास नहला, राजवीर, संदील, गोविंद गोसाईयाना, रविन्द्र ढिंगसरा, दीपा, राजपाल भिरड़ाना, विक्रम सिंह किरढान, सुंदर सिंह बड़सी, सुमित गोंदली, छोटूराम महाराणा, सुनील गोगाना, अशोक, अमित उर्फ कुलदीप कंवारी, हरि खरड़, कुलदीप निवासी कंवारी व सुरेन्द्र निवासी महराणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 16 हजार 350 रुपये की राशि बरामद कर जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
-कार्रवाई के दौरान छत से गिरा एसपीओ
पुलिस टीम जब कार्रवाई कर रही थी तो इस घटना में एक एसपीओ घायल हो गया। पुलिस टीम में शामिल एसपीओ मंगतराम मकान की दूसरी मंजिल पर चढ़ते समय सीढ़ी से फिसल गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए भट्टूकलां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया। एसपीओ की गंभीर हालत देखते हुए बेस मिलिट्री अस्पताल दिल्ली में दाखिल करवाया गया है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि कार्रवाई कार्रवाई के दौरान उनका एक कर्मचारी दूसरी मंजिल से गिर कर घायल हुआ है। जिसे उपचार के लिए दिल्ली दाखिल करवाया गया है।