फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विजय संकल्प बाइक रैली : फतेहाबाद-टोहाना में सुचारू रही व्यवस्था, रतिया में दिखी गुटबाजी

विज्ञापन
विज्ञापन
विजय संकल्प बाइक रैली : फतेहाबाद-टोहाना में सुचारु रही व्यवस्था, रतिया में दिखी गुटबाजी
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फतेहबाद/रतिया/टोहाना। शनिवार को पूरे जिले में बीजेपी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हजारों मोटरसाइकिलों पर विजय संकल्प रैली निकालकर लोकसभा चुनावों के लिए शंखनाद कर दिया। इस दौरान जिले के तीनों हलकों में पार्टी के दिग्गज नेताओं ने कमान संभालनी थी, लेकिन फतेहाबाद-टोहाना में तो कार्यक्रम सुचारु रूप से चला, लेकिन रतिया में पार्टी नेताओं के बीच गुटबाजी साफ तौर पर देखने को मिली। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत टोहाना में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, फतेहाबाद में जिलाध्यक्ष वेद फुलां एवं रतिया में चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल को विजय संकल्प बाइक रैली की कमान संभालनी थी। फतेहाबाद और टोहाना में तो कार्यक्रम पूरी तरह व्यवस्थित रहा, लेकिन रतिया में बीजेपी नेताओं का एक धड़ा सुनीता दुग्गल के आने से पहले ही बाइक सवार अनेक कार्यकर्ताओं को लेकर निर्धारित रूट पर निकल गए। बाद में मौके पर पहुंची सुनीता दुग्गल इससे काफी खफा दिखी, लेकिन वो भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली की अगुवाई करते हुई अपने रूट पर निकल गई।
शनिवार सुबह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं टोहाना के विधायक सुभाष बराला ने शनिवार को टोहाना की अनाज मंडी से विजय संकल्प बाइक रैली का नेतृत्व किया। विजय संकल्प बाइक रैली में सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार शामिल हुए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं टोहाना के विधायक सुभाष बराला ने पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गत तीन फरवरी को भारत के मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इसमें विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पहुंचने और जनता को केंद्र सरकार के किए गए काम बताने की योजना बनाई गई थी। इसी कड़ी में मोटरसाइकिल रैली निकाली गई है।
विज्ञापन

दूसरी ओर रतिया के कम्युनिटी सेंटर में शनिवार सुबह ही सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ता बाइक लेकर तैयार थे, लेकिन उनका नेतृत्व करने के लिए सुनीता दुग्गल को थोड़ी देर हो गई जिसके चलते रतिया बीजेपी के कई नेता जिनमें बलदेव ग्रोहा, सुखविंद्र गोयल, श्याम कंबोज, विनोद जग्गा आदि पहले ही बीजेपी कार्यकर्ताओं को लेकर निर्धारित रूट पर निकल गए। बाद में जब बीजेपी नेत्री सुनीता दुग्गल मौके पर पहुंची तो कम कार्यकर्ता होने के चलते उन्होंने नाराजगी भी जताई। इसके बाद कुछ और कार्यकर्ताओं के वहां पहुंचने के बाद दुग्गल उनके साथ बाइक लेकर यहां से निकली। इस मौके पर मीडिया ने जब उनसे कुछ नेताओं द्वारा पहले निकलने का सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि ये सवाल उन नेताओं से पूछा जाना चाहिए जिन्होंने उनका इंतजार तक नहीं किया और निकल गए। वो अपनी बात केवल पार्टी मंच पर ही रखेंगी।
विज्ञापन

इसके अलावा फतेहाबाद विधानसभा से बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां की अगुवाई में सैकड़ों बाइकर्स का जत्था भारत माता की जय, प्रधानमंत्री मोदी का जयघोष करते हुए विजय संकल्प रैली पर निकले। इस दौरान उनके साथ नगर परिषद अध्यक्ष दर्शन नागपाल, पार्षद मनोज नारंग, जीतू फुलां, महेश शर्मा सहित अनेक बीजेपी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर अपने संबोधन में बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकार ने अपने कार्यकाल में कई मील के पत्थर पार किए हैं और असंख्य उपलब्धियां अपने नाम की हैं। विकास कार्यों में बीजेपी सरकार ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। ऐसे में जनता तक अपनी उपलब्धियां पहुंचाने के लिए ये विजय संकल्प बाइक रैली निकाली गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें