अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भूना खंड के गांव नाढ़ोड़ी में रविवार देर शाम एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। भूना थाना पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान के आधार पर इतेफाकिया कार्यवाही की है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक बलबीर के बेटे विष्णु ने बताया कि रविवार शाम को वह अपने पिता के साथ खेत में पानी लगाने गया था। बयान के अनुसार लाइट आने पर जैसे ही बलबीर ट्यूबवेल चलाने लगा तो ट्यूबवेल के स्टार्टर में करंट था। एकदम करंट लगने से उक्त किसान बुरी तरह से झुलस गया। इसके बाद उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भूना थाना प्रभारी रमेश किरमारा ने बताया कि मृतक के बेटे के बयान के आधार पर इतेफाकिया कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।