अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव बीघड़ के पास रविवार देर रात को बाइक और कार के बीच टक्कर से बाइक पर सवार युवक बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे में उसकी टांग टूट गई। आसपास के ढाणी के लोगों ने नागरिक अस्पताल की एंबुलेंस बुलवाकर उसे भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा रेफर कर दिया। हादसा इतना भयंकर था कि बाइक का अगला पहिया टूट गया और टायर अलग हो गया। वहीं कार का एक साइड का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नितेश (25) पुत्र जगदीश निवासी आदमपुर कल रात को बाइक पर सवार होकर फतेहाबाद आ रहा था। बीघड़ रोड पर हनुमान मंदिर के आगे सामने से आ रही कार से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला पहिया टूटकर बाइक से अलग हो गया। वहीं कार की एक साइड के परखच्चे उड़ गए। हादसे में नितेश की टांग टूट गई। रात को मामले की सूचना पाकर सदर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।