निलंबन के विरोध में बिजली निगम के जेई धरने पर
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। बिजली विभाग में कार्यरत जूनियर इंजीनियर्स ने शुक्रवार को हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के आह्वान पर धरना दिया। अधीक्षक अभियंता आपरेशन सर्कल फतेहाबाद के कार्यालय के समक्ष एएफएम गोपाल सिंह को अधीक्षक अभियंता द्वारा नाजायज रूप से निलंबित किए जाने का विरोध जताया। धरने की अध्यक्षता उमाशंकर जेई प्रधान सर्कल फतेहाबाद ने की व संचालन सचिव गंगाराम जेई ने किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से गोपाल सिंह एएफएम के निलंबन के आदेश रद्द नहीं किए गए तो अधीक्षक अभियंता के खिलाफ पूरे फतेहाबाद सर्कल के जेई, इंचार्ज अनिश्चितकालीन धरना देंगे और अपना कार्य ठप्प रखेंगे। इस दौरान रोषस्वरूप वे अपने मोबाइल भी बंद रखेंगे। यदि फिर भी निलंबन के आदेश रद्द नहीं हुए तो पूरे हरियाणा में डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन द्वारा संघर्ष शुरू कर दिया जाएगा। इससे बिजली विभाग में जो भी अशांति होगी या बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी होगी, उसकी सारी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।