फतेहाबाद। किलोमीटर स्कीम रद्द करने की मांग को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों रोडवेज कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की हठधर्मिता व दमनकारी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व डिपो प्रधान और तालमेल कमेटी नेता शिव कुमार श्योराण, ईश्वर सहारण, मनोज कुण्डू व साधुराम ने संयुक्त रूप से किया।
कर्मचारियों की क्या है अन्य मांगें
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के वरिष्ठ नेता सरबत सिंह पूनिया, सुरेंद्र मलिक व सुभाष बिश्नोई ने इस मौके पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा किलोमीटर स्कीम के तहत प्राइवेट बसें ठेके पर लेने का निर्णय रद्द करने, किलोमीटर स्कीम की जांच विजिलेंस की बजाए माननीय हाईकोर्ट के सीटिंग जज और सीबीआई से करवाने, भ्रष्टाचार में शामिल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, विभाग में सरकारी बसें बढ़ाने, निजीकरण व ठेका प्रथा बंद करने, पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, ओवरटाइम बंद करने के नाम पर कर्मचारियों का शोषण बंद करने, रोडवेज कर्मचारियों पर आए दिन हो रहे हमले बंद करने व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, हड़ताल के दौरान किए गए नाजायज निलंबन, मुकदमे, तबादले, एस्मा व अन्य उत्पीड़न की कार्रवाई वापस लेने व हड़ताल के दौरान के वेतन का भुगतान करने, ठेके पर भर्ती कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पदों पर पक्की भर्ती करने, सभी श्रेणियों के खाली पड़े पदों पर पदोन्नत्ति करने, वेतन विसंगतियां दूर करके सभी भत्तों में बढ़ोतरी करने, सभी कर्मचारियों को 5 हजार रुपये जोखिम भत्ता देने, तीन वर्ष के बकाया बोनस का भुगतान स्थाई नीति बनाकर एक माह के वेतन के बराबर देने, जनवरी 2016 से एरियर सहित एचआरए का भुगतान करने आदि मांगों को लेकर कर्मचारियों का संघर्ष जारी रहेगा।
इसके अलावा कर्मचारियों के रुके हुए एसीपी के लाभ देने, कर्मशाला के शेष बचे कर्मचारियों को तकनीकी वेतनमान देने, बकाया एलटीसी का भुगतान करने, तालमेल कमेटी के सुझाव अनुसार तबादला नीति में संशोधन करने, 2003 से पहले भर्ती कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने, 2016 में ठेके पर भर्ती चालकों को पक्का करने, निलंबित कर्मचारियों को बहाल करने का अधिकार महाप्रबंधकों को देने, दुर्घटना के मामले में कोर्ट के निर्णय तक चालक को सजा नहीं देने, 16 जून 2017 के पत्र अनुसार वर्ष 2018 में भर्ती चालकों/परिचालकों को एक वार्षिक वेतन वृद्धि देने, चालकों की पदोन्नति, डीटीसी पंजाब व हिमाचल की तर्ज पर करने, एचआरईसी कर्मचारियों को पेंशन, मेडिकल भत्ता, मेडिकल बिलों का भुगतान, पहचान पत्र रोडवेज कर्मचारियों की तर्ज पर लागू करने, पंजाब के समान वेतनमान देने आदि मांगों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया 5 जुलाई से 2 अगस्त तक सभी डिपो में नागरिक सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान डिपो तालमेल कमेटी नेता सूरजमल पाबड़ा, सत्यवान सिवाच, जितेन्द्र शर्मा, रामदिया श्योकन्द, महाबीर फौजी, सूबे सिंह सोनी, बजरंग, रामकुमार नैन, चन्द्र भान खटक, पवन सोनी, राजेन्द्र फौजी, राजेश सेलवाल, कंवर पाल, सत्येंद्र सिंह, राजबीर पंघाल, राजेन्द्र शर्मा, राजेश बिश्नोई, प्रकाश चन्द्र, महेन्द्र सिंह व कुलदीप कन्हड़ी आदि मौजूद रहे।