भट्टूकलां। गांव ढ़ाबीकलां में मंगलवार देर रात बाइक के बैलगाड़ी से टकराने से युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को फतेहाबाद और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। फतेहाबाद नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मंगलवार देर रात ढ़ाबीकलां निवासी करीब 25 वर्षीय प्रदीप पुत्र कृष्ण कुमार अपनी बाइक पर सवार होकर खेत से गांव में आ रहा था। बाइक पर उसके साथ उसके मामा का लड़का मनदीप भी था। बताया गया है कि रास्ते में अचानक बाइक के आगे सांड़ आ गया। जिस पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर जा रही बैलगाड़ी से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार प्रदीप व उसके मामा का लडक़ा मनदीप तथा बैलगाड़ी चालक दीपिन घायल हो गए। घायल प्रदीप को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल मनदीप को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। बैलगाड़ी चालक दीपिन को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। मृतक प्रदीप ट्रक चालक था। पुलिस ने मृतक के पिता कृष्ण कुमार के बयान पर इत्तफाकिया कार्यवाही कर शव परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को गांव ढ़ाबीकलां में ही प्रदीप की मौसी के लड़के की शादी थी। जिस कारण शादी की खुशी मातम में बदल गई।