टोहाना। दुनिया की सबसे ऊंची और बर्फीली चोटी माउंट एवरेस्ट को फतेह करने वाली जिला की पहली बेटी मनीषा पायल रविवार को टोहाना पहुंची। यहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने अपने आवास पर पर्वतारोही मनीषा को सम्मानित करते हुए उसे बहादुरी के साथ लक्ष्य प्राप्त करने पर बधाई भी दी।
बराला ने कहा कि 8848 मीटर की बर्फीली ऊंचाई पर पहुंच जिला के गांव बनावली की बेटी मनीषा ने जो जज्बा दिखाया है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि मनीषा का देश के पीएम नरेंद्र मोदी की बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं को सलाम करना दर्शाता है। भाजपा सरकार ने देश-प्रदेश में बेटियों को अपने सपने पूरे करने का एक भयमुक्त माहौल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि मनीषा के हाथ व चेहरे के जख्म प्रमाणित करते हैं कि उसने जान जोखिम में डाल हम सबका सम्मान बढ़ाया है। ऐसी बहादुर बेटियां ही आज गांव-देहात, समाज और देश-प्रदेश के विकास का आधार बन रही हैं। उन्होंने मनीषा व उसके पैतृक गांव बनावली के सरपंच राममूर्ति फौगाट को आश्वस्त किया कि मनीषा ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी नैतिक जिम्मेवारी पूरी की है, अब वे सरकार की तरफ से इस बहादुर बेटी को हरसंभव सहयोग का प्रयास करेंगे। इस मौके पर जिप पार्षद राजेश कसवां, जिंदगी संस्था अध्यक्ष हरदीप सिंह, बनवाली सरपंच राममूर्ति फौगाट, पार्षद राकेश सैनी, समाजसेवी कबीर मुंढाली, अमित अभी बैनीवाल व अजय कुढावला भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।