फतेहाबाद। सिरसा रोड स्थित नई अनाज मंडी में शुक्रवार को जिला स्तर पर 5वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसमें दो हजार से अधिक योग साधकों ने योगाभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह, एडीसी डॉ. सुभीता ढाका, भाजपा जिलाध्यक्ष वेद फुलां, भाजपा नेता बलवान सिंह दौलतपुरिया, नप चेयरमैन दर्शन नागपाल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. धर्मपाल पूनिया अन्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। निवर्तमान विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया पांच सालों में पहली बार योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। योग विशेषज्ञ अंबिका पांटा, दारा सिंह, रवीना ने हजारों की संख्या में पहुंचे योग साधकों को योगा प्रोटोकॉल अभ्यास एवं शपथ तथा योग की क्रियाकलापों का अभ्यास करवाया। सुबह सात बजे शुरू हुए प्रोटोकॉल योगाभ्यास के दौरान हजारों लोग पूरी दिलचस्पी के साथ योगाभ्यास करते रहे। लेकिन प्रोटोकॉल योगाभ्यास के बाद आयोजकों ने जब अतिथियों से भाषणबाजी शुरू करवाई तो एकाएक पंडाल खाली होना शुरू हो गया।
इन प्रोटोकॉल योगासनों का करवाया गया अभ्यास
सिरसा रोड स्थित नई अनाजमंडी में आयोजित जिलास्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में योग प्रशिक्षका अंबिका पांटा ने योग प्रोटोकॉल के लगभग 42 आसनों का अभ्यास करवाया गया। इनमें ताड़ासन, वृक्षासन, पधासातासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, व्रजासन, अर्धउतरासन, उतरासन, ससाकासन, मंडूकासन, वक्रासन, मक्रासन, भुजंगासन, सलभासन, सेतुबंधासन, उत्तनपादासन, अर्धअहालासन, परवाणुमुक्तासन, शवासन, कपालभाति, प्रणामायाम, सिताली प्राणायाम, ब्राहमी प्राणायाम, आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह व एडीसी डॉ. सुभीता ढाका संयुक्त रूप से कहा कि योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान से देश का मान बढ़ा है, वहीं गांव-गांव और गली-गली में योग की पहुंच हुई है, जो हमारी प्राचीन संस्कृति को प्रदर्शित कर रहा है। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं भी मंच के माध्यम से योग से संबंधित आसन व विभिन्न नई-नई क्रियाकलापों से योग साधकों को अभ्यास करवाया। उन्होंने नए आसनों एवं योग क्रियाकलापों पर शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त करने वाले कुछ साधकों को उचित ईनाम देने की भी घोषणा की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि योग का अर्थ है जोड़ना। बुद्धि, शरीर और आत्मा को एक लाईन में ही लाना योग है। योग द्वारा हम अपनी इंद्रियों पर काबू पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इंद्रियों पर काबू पाने के बाद आत्मा से परमात्मा का मिलन हो जाता है। उन्होंने कहा कि योग प्राचीन भारतीय परंपरा एवं संस्कृति की अमूल्य देन है।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सुभीता ढाका ने कहा कि योग अभ्यास शरीर मन, विचार एवं कर्म, आत्मसंयम एवं पूर्णता की एकात्मकता तथा मानव एवं प्रकृति के बीच सामंजस्य प्रदान करता है। 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जा रहा है जो हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से यूएनओ ने वैश्विक रूप से योग को मान्यता मिली है। विश्व के सभी देशों ने इसे अपनाया। यह हम सब देशवासियों के लिए गर्व की बात है। बीजेपी के जिला प्रधान वेद फूलां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि केवल योग से भारत ही नहीं बल्कि पूरा विश्व स्वस्थ बने और सारे विकार दूर हो तथा विश्व स्तर पर शांति रहे। इसी उद्देश्य और सोच के साथ इसे अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है।
पूरी दुनिया का जुड़ाव योग से हुआ
भाजपा नेता बलवान सिंह दौलतपुरिया ने सभी जिलावासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पूरी दुनिया का जुड़ाव योग से हुआ है, जो हमारे लिए गौरव की बात है। चेयरमैन दर्शन नागपाल, भाजपा जिला उप प्रधान गुलशन हंस, जिला आयुष अधिकारी डॉ. धर्मपाल पूनिया तथा पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी मनदीप योगी ने संयुक्त रूप से कहा कि योग कर्म योग को बढ़ाने में ऊर्जा प्रदान करता है। पतंजलि योग समिति के मनदीप योगी ने जिला में पतंजलि योग समिति द्वारा करवाए जा रहे योगाभ्यास के बारे में विस्तार से जानकारी दी और डॉ. धर्मपाल पूनिया ने सभी का धन्यवाद किया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पतंजलि योग समिति के प्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों, योग साधकों तथा जनप्रतिनिधियों को जड़ीबूटी वाले पौधे व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। पतंजलि योग समिति से सुमनलता, दीप्ति खुराना, रमेश कुमारी, लक्ष्मी, कलावती, प्रमोद, राजेश, अभय गौतम, संदीप सपरा, सौरव वर्मा आदि ने पंडाल में योगाभ्यास करवाया। इस मौके पर अनेक बीजेपी नेता व अधिकारी भी मौजूद रहे।