रतिया। शनिवार सायं को गांव नंगल के पास भाखड़ा नहर में नहाते समय पंजाब के फौजी गुरजीत सिंह के भाखड़ा नदी में बह जाने के बाद आज दूसरे दिन जहां परिजनों ने अनेक स्थानों पर जाल लगाते हुए लापता हुए फौजी की तलाश की, वहीं फौजी को भाखड़ा से ढूंढने के लिए सेना के गोताखोरों को भी बुलाया गया है। गौरतलब है कि कल सायं उपरोक्त फौजी गुरजीत सिंह और उसका बहनोई अमृतपाल सिंह निवासी हाकमवाला, जो पंजाब पुलिस में कार्यरत है, गांव नंगल के समीप गुजर रही भाखड़ा नदी पर नहाने के लिए आए थे। तभी एकाएक उनका पांव फिसल गया और दोनों ही पानी के तेज बहाव में बह गए। आस-पास के लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिसकर्मी अमृतपाल को तुरंत निकाल लिया, जबकि फौजी पानी के तेज बहाव में ही बह गया। उपरोक्त घटना की सूचना मिलते ही बाहमणवाला पुलिस चौकी के इंचार्ज जयवीर सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और परिजनों के सहयोग से ही उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
अपनी बहन के घर मिलने आया था फौजी
भाखड़ा नदी में बहा फौजी साथ लगते पंजाब क्षेत्र के गांव हाकमवाला में अपनी बहन के घर मिलने के लिए आया था। बाहमणवाला पुलिस चौकी के इंचार्ज ने बताया कि भाखड़ा नदी में बहे उपरोक्त फौजी की तलाश को लेकर उनके परिजनों द्वारा अनेक स्थानों पर जाल लगाए गए हैं और अपने स्तर पर गोताखोरों के सहयोग से तलाश भी की जा रही है, लेकिन कहीं भी अभी पता नहीं चल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि परिजनों ने सेना के गोताखोरों को बुलाने के लिए सेना मुख्यालय में सूचना दी है और शीघ्र ही सेना के गोताखोरों द्वारा भी फौजी की तलाश के लिए विशेष मुहिम चलाई जाएगी।