फतेहाबाद । हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित करवाई जाने वाली नायब तहसीलदार की लिखित परीक्षा को लेकर उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने 5 ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाएं हैं। आयोग द्वारा एचसीएस सुरेश कसवा को परीक्षा के लिए ऑब्जर्वर लगाया गया है। परीक्षा को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए फतेहाबाद के एसडीएम सुरजीत सिंह नैन को नोडल ऑफिसर लगाया गया है। उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के जवान नियुक्त किए हैं। इसके अतिरिक्त परीक्षा को लेकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के भी पुख्ता प्रबंध किए। उपायुक्त ने सभी अभ्यर्थियों से आह्वान किया है कि वे परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस न लेकर आएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी कहा कि जो अभ्यर्थी पेपर देने आ रहे हैं, वे परीक्षा केंद्र पर एक घंटा पहले पहुंचना सुनिश्चित करें ताकि किसी प्रकार की कोई दिक्कत न आए। परीक्षा में अभ्यर्थी के पास केवल आयोग द्वारा जारी किया गया एडमिट कार्ड, फोटो युक्त पहचान पत्र और नीले व काले रंग का बॉल पेन होना चाहिए। परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की हुई है। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र की 500 मीटर की परिधि में सभी फोटोस्टेट दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए कि अगर परीक्षा के दौरान कोई फोटोस्टेट की दुकान खुली नजर आती है तो उसे तुरंत बंद करवाया जाए।
परीक्षा केंद्र में इन चीजों को नहीं ले जा पाएंगे अभ्यर्थी
उपायुक्त ने एक बार फिर कहा कि परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, फोटो युक्त पहचान पत्र और नीले व काले रंग का बॉल पेन ही ले जाने दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, टेबलेट, पैजर या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, कलाई घड़ी, किसी भी प्रकार के आभूषण जैसे नोज पिन, चूड़ियां, गले का हार, चेन, अंगूठी, कान की बालियां, पर्स, बेल्ट, पानी की बोतल और किताब, नोट्स व खुले पन्ने आदि को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पाबंदी रहेगी।
परीक्षा संपन्न होने के बाद किसी भी रास्ते पर नहीं लगेगा जाम
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय प्रताप सिंह ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए पुलिस विभाग द्वारा किए गए विभिन्न प्रबंधों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग का यह प्रयास रहेगा कि परीक्षा संपन्न होने के बाद किसी भी प्रकार से कोई रास्ता जाम न हो, इसके लिए यातायात संबंधी प्रबंध कर लिए गए हैं। इस कार्य में उन्होंने नागरिकों से भी आह्वान किया है कि वे यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में अपना सहयोग दें।
बैठक में एसडीएम सुरजीत सिंह नैन, आयोग द्वारा नियुक्त किए गए ऑब्जर्वर सुरेश कसवा, डीआरओ राजेश कुमार, डीईओ दयानंद सिहाग, डीडीएएच डॉ. काशी राम, डीएफएससी प्रमोद कुमार, तहसीलदार विजय कुमार सहित परीक्षा के लिए लगाए गए ड्यूटी मजिस्ट्रेट और विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक मौजूद रहे।