अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। विद्या भारती हाई स्कूल में शुक्रवार को प्रतिभा खोज और पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे समाजसेवी वेदप्रकाश गर्ग भिरड़ाना वाले ने कहा कि जीवन में सफलता का एक ही मूल मंत्र है मां-बाप व गुरुजनों का सम्मान। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई बिना तनाव के खुशी-खुशी करनी चाहिए। परीक्षा के दिनों में अपने खानपान का ध्यान रखते हुए माता-पिता व गुरुजनों की आज्ञा माननी चाहिए क्योंकि उन्हीं के कारण जीवन में सफलता मिलती है।
समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी वेदमंगल व विशिष्ट अतिथि पूर्ण सिंगला ने की। स्कूल के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने देश भक्ति, धार्मिक, हरियाणवी व पंजाबी लोक गीतों पर नृत्य, नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में गतदिवस पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों को नमन किया व दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि देकर भारत माता की जय व वंदे मातरम के नारे लगाए। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों व अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज गोयल, अरुण चोपड़ा, अनिल कादयान, भूषण गावरी, राजेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, नरेंद्र कुमार सहित स्टाफ सदस्य व अभिभावक मौजूद थे।