विष्णु नाढ़ोड़ी
फतेहाबाद। पहले हड़ताल और उसके बाद जीरो ओवरटाइम के कारण पिछले कई महीनों से पटरी से उतरी रोडवेज की व्यवस्था में जहां पिछले कुछ दिनों से सुधार आना शुरू हुआ था, वहीं अब ड्यूटी लगाने के लिए विभाग द्वारा लागू किए गए नए सॉफ्वेयर के कारण एक बार फिर बसों के फेरे घटने से परेशानी बढ़ गई है। एक बार फिर सिरसा डिपो से आने वाली बसों के फेरे घटने से जहां यात्रियों को बसों के लिए सोमवार को घंटों हिसार व चंडीगढ़ की बसों का इंतजार करना पड़ा। इसके साथ ही लोकल रूटों पर भी कई बसें नहीं चलने के कारण स्कूल विद्यार्थियों व आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यहां बता दें कि राज्य परिवहन विभाग द्वारा चालकों व परिचालकों की ड्यूटी लगाने के लिए एक नया सॉफ्टवेयर लागू किया गया है। इस सॉफ्टवेयर में अब लंबे रूटों पर 48 घंटे तथा लोकल रूटों पर 72 घंटे ड्यूटी करने के बाद अगले दिन उस कर्मचारी की ड्यूटी नहीं लगाई जा सकेगी। उक्त सिस्टम लागू होने के कारण कर्मचारियों की ड्यूटी अधिकारियों की मर्जी से नहीं लगने के कारण एक बार फिर लंबे रूटों की बसों के फेरे कम हो गए हैं जिस कारण सोमवार को यात्रियों को दिल्ली व चंडीगढ़ की बसों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। वहीं इस संदर्भ में जब रोडवेज के अधिकारियों से बात की गई तो उनका कहना था कि नया सॉफ्टवेयर लागू किया गया है इसलिए आगामी एक सप्ताह तक ऐसी समस्या आ सकती है।
लंबे रूटों पर 48 तो लोकल रूट पर 72 घंटे के बाद नहीं लगाई जा सकेगी ड्यूटी
नए सॉफ्टवेयर में लंबे रूटों पर चलने वाले चालकों व परिचालकों की एक सप्ताह में 48 घंटे चलने के बाद तथा लोकल रूटों पर चलने वालों की 72 घंटे पूरे होने के बाद अगले दिन ड्यूटी नहीं लगाई जा सकेगी। अर्थात सॉफ्टवेयर अगले दिन उनका नाम ही नहीं उठाएगा। ऐसा होने से अब अधिकारी अपनी मर्जी से कर्मचारियों से उक्त घंटों से अधिक काम नहीं ले सकेंगे। बता दें कि इससे पहले विभाग ने सभी जीएम को आदेश दिए हुए थे कि किसी भी कर्मचारी से ओवरटाइम नहीं करवाया जाएगा। इसके बावजूद भी अधिकारी एक सप्ताह में किसी कर्मचारी से 48 घंटे से अधिक काम लेकर उसके बदले में उसे जरूरत के हिसाब से रेस्ट दे रहे थे। लेकिन अब उक्त सॉफ्टवेयर के लागू होने से अधिकारी किसी भी लंबे रूट पर चलने वाले कर्मचारी से 48 घंटे तथा लोकल रूटों पर चलने वाले कर्मचारियों से 72 घंटे से अधिक काम नहीं ले पाएंगे।
भिरड़ाना काताखेड़ी रूट पर बस नहीं चलने से यात्री परेशान
रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को स्कूल व कालेज के विद्यार्थियों के आने से बस स्टैंड में पूर दिन भीड़ का आलम रहा। वहीं भिरड़ाना व काताखेड़ी रूट पर 2 बजकर 20 मिनट पर चलने वाली बस नहीं जाने से छात्राएं व यात्री बस का इंतजार करते रहे लकिन अधिकारियों ने कर्मचारियों के छुट्टी पर होने का बहाना बनाकर पूरे मामले से किनारा कर लिया। बता दें कि 2 बजे के बाद स्कूल व कालेज के बच्चों का वापस जाने का समय होता है ऐसे में उक्त रूट पर बस नहीं चलने से सोमवार को छात्राओं व आम यात्रियों का भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वर्जन
नया सॉफ्टवेयर लागू कर दिया गया है जिससे अब किसी भी चालक व परिचालक से ओवरटाइम नहीं करवाया जाएगा, भिरडान काताखेड़ी रूट की बस नहीं चलने के कारणों का तुरंत पता कर उसे शुरू करवाया जाएगा। जिले की कोई भी लंबे रूट की बस बंद नहीं की गई है।
- सुभाष मोंगा, टीएम रोडवेज, फतेहाबाद।