अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिला में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न घटे, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारी पुख्ता प्रबंध करे। इसके साथ-साथ जिला में बनाई गई सड़क सुरक्षा कमेटी के सदस्य भी अपने सुझाव दें और यातायात नियमों के बारे में स्कूली बच्चों व आमजन मानस को जागरूक करे। ये बातें उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने कही। वे वीरवार को लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में सड़क सुरक्षा तथा सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि आगामी धुंध के मौसम को ध्यान में रखते हुए वाहन चलाते समय विशेष ध्यान रखे। इसके लिए भी जनता को जागरूक करे। उन्होंने कहा कि अक्तूबर व नवंबर में जिला में 4 दर्जन से अधिक दुर्घटनाएं र्हुइं, जिनमें 32 के लगभग लोग जान गवा चुके हैं, जोकि चिंता का विषय है। हालांकि जिला में काफी हद तक दुर्घटनाओं में कमी आई है।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नेशनल हाईवे, मुख्य मार्गों सहित अन्य जगहों पर अवैध रूप से बने हुए कटों को तुरंत प्रभाव से बंद करे और जहां जरूरत हो, वहां जेबरा क्रासिंग भी लगाई जाए। उन्होंने कहा कि तय स्पीड से तेज गति से वाहन चलाने वाले लोगों पर सख्ती बरती जाएं। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के पास दुर्घटना चेतावनी साइन बोर्ड लगवाए जाएं और दुर्घटना में होने वाली मौतों की संख्या में भी दर्ज हो ताकि लोग यातायात नियमों बारे जागरूक हो सके और यातायात नियमों की पालना करें।
उपायुक्त ने कहा कि धांगड़, बड़ोपल, हांसपुर, गुरुनानक चौक, दरियापुर, अयाल्की आदि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों तथा सड़क व मुख्य मार्गों के साथ लगते स्कूलों के पास ब्रेकर बनाए और बेरिकेट लगवाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, एडीसी सतबीर जांगु, एसडीएम सरजीत नैन, देवीलाल सिहाग, सीटीएम राहुल बिश्रोई, सीईओ डॉ. जयबीर यादव, डीडीपीओ अनुभव मेहता, डीएसपी जगदीश कुमार काजला, सीएमजीजीए प्रियंका कंडोला, डीएफएससी प्रमोद कुमार, डीएफओ रघुबीर जांगु आदि उपस्थित रहे।