अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
गोरखपुर के पशु अस्पताल में चल रही तीन दिवसीय दूध प्रतियोगिता संपन्न हुई । जिसमें विनोद बिश्नोई पुत्र राजाराम की भैंस ने 19 किलो दूध देकर प्रथम स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता तीन दिन 29 से 31 जनवरी तक आयोजित की गई थी। पशु अस्पताल के पशु चिकित्सक डा. सम्पत सिंह ने बतायप कि इस प्रतियोगिता में 18 किलोग्राम से अधिक दूध देने वाली भैंस मालिकों को हरियाणा सरकार द्वारा सम्मानित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 18 से 22 किलो दूध देने वाली भैंस के मालिक को 15 हजार, 22 से 25 किलोग्राम दूध देने वाली भैंस के मालिक को 20 हजार रुपयेे, 25 किलो से ज्यादा दूध देने वाली भैंस के मालिक को 30 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाता है। हरियाणा नस्ल की गायों के लिए 8 से 10 किलो दूध देने वाली गाय के मालिक को 10 हजार, 10 से 12 किलो दूध देने वाली गाय के मालिक को 15 हजार, 12 किलो से ज्यादा दूध देने वाली गाय के मालिक को 20 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाता है। विजेता गायों के मालिक को मार्च के महीने में पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि भैंसों के मालिकों को जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करके पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को आए परिणामों में विनोद बिश्नोई की भैंस ने 19 किलो 66 ग्राम, रणबीर पुत्र धाचंद, पाला पुत्र महाबीर सिवाच की भैंसों ने 18 किलो से ज्यादा दूध दिया। हरियाणवी नस्ल की गायों में 8 किलोग्राम से ज्यादा राजेश पुत्र रामकुमार सिवाच, बलजीत पुत्र औमप्रकाश चौबारा की गायों ने अधिक दूध दिया। इस प्रतियोगिता में तीन गांवों मोची, चौबारा व गोरखपुर के पशु पालकों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में डा. सम्पत सिंह पशु चिकित्सक गोरखपुर, डा. संजीत पशु चिकित्सक जांडली, डा. रविन्द्र भांभू पशु चिकित्सक भूथनकलां, वीएलडीए राधेश्याम शर्मा, शीशपाल कुंडु, मनीराम, रामकरण, व अन्य पशु पालक मौके पर उपस्थित थे।