अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
पिछले छह माह से हादसों का पर्याय बन चुका हांसपुर रोड हाईवे का खूनी कट अब और लोगों की बलि नहीं ले सकेगा। रतिया चुंगी से लेकर हाईवे कट के आगे का रास्ता बंद कर साइड में एक सात-सात फुट की सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसके बाद रतिया चुंगी से हांसपुर रोड जाने वाले वाहन चालकों को हाइवे पर चढ़ना ही नहीं पड़ेगा, वे सर्विस लेन से सुरक्षित सड़क के दूसरी ओर हांसपुर रोड जा सकेंगे। कमोबेश यही स्थिति हांसपुर रोड से फतेहाबाद आने वाले वाहन चालकों की रहेगी।
बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां इसके लिए लगातार प्रयासरत थे और बीते दो दिनों में वे पहले फतेहाबाद के डीसी-एसडीएम के साथ और इसके बाद नेशनल हाईवे अथोरिटी के अधिकारियों के साथ इस जगह का निरीक्षण कर चुके हैं। 'अमर उजाला' ने भी हाईवे के इस कट समेत बाकी खूनी कटों के चलते हो रहे लगातार हादसों पर विशेष खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां ने इस मामले का संज्ञान लिया था।
छह माह में 20 से अधिक हादसे, 6 लोग गवां चुके जान
वैसे तो फतेहाबाद शहर के पास से निकल रहे बाईपास के सभी कट लगातार हादसों को बढ़ावा दे रहे हैं, लेकिन हांसपुर रोड पर बना ये कट 'खूनीकट ' के नाम से प्रसिद्ध हो गया है। दरअसल इसके बनाने के समय नेशनल हाईवे अथोरिटी ने पीछे से आ रहे पुल को बिल्कुल इसके आगे खत्म कर दिया। इस कारण पुल से तेजी से उतरते वाहन और सड़क के दोनों ओर से आते वाहनों के बीच अक्सर टक्कर होती रही हैं। पिछले छह माह की बात की जाए तो 20 से अधिक हादसे इस जगह हो चुके हैं, जिनमें छह लोग जान गवां चुके हैं जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। कई बार स्थानीय निवासियों व दुकानदारों ने इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत भी कराया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
सीएम दौरे के तुरंत बाद शुरू होगा निर्माण
23 नवंबर को नेशनल हाईवे अथोरिटी की एक टीम ने बीजेपी जिलाध्यक्ष के साथ मौके का मुआयना किया था। जिसके बाद चर्चा के दौरान रतिया चुंगी से हाईवे तक की सड़क को साइड से सर्विस लेन से जोड़ दिया जाए और सीधा आगे जाने का रास्ता बंद कर दिया जाए। ऐसा ही दौलतपुर से फतेहाबाद की ओर आने वाली सड़क पर किया जाएगा। इस सर्विस लेन के बनने के बाद रतिया चुंगी से सीधा दौलतपुर जाने का हाईवे वाला रास्ता बंद कर दिया जाएगा और साइड से रास्ता शुरू कर दिया जाएगा। 8 और 9 दिसंबर को फतेहाबाद में सीएम मनोहर लाल का कार्यक्रम है। पूरी संभावना है कि इस सीएम के दौरे के तुरंत बाद दिसंबर माह में ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए।
शहर के अंदर के ब्लाइंड कटों के लिए भी प्रशासन हुआ गंभीर
हाईवे के इन कटों के अलावा फतेहाबाद शहर के अंदर भी कई ब्लाइंड कट हैं, जो आए दिन हादसों की वजह बनते है। इन सभी कटों को बंद करना संभव नहीं है, ऐसे में फतेहाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इसके लिए एक रास्ता निकाला है। डीएसपी रविंद्र तोमर के आदेशों के बाद ट्रैफिक पुलिस ने सभी ब्लाइंड कटों के मोड़ पर एक पुलिस बैरियर लगाया है, जिस पर रिफ्लेक्टर्स लगाए गए हैं। इन बैरियर्स को ब्लाइंड कट पर लगाने का फायदा ये हो रहा है कि अब वाहन चालकों के मुड़ने के लिए वाहन को धीमा करना पड़ रहा है। इसके साथ ही बैरियर के आगे वाली जगह खाली रह रही है, जिससे दो वाहनों के आपस में टकराने की आशंका काफी कम हो जाती है।
'हांसपुर रोड के हाईवे कट के संदर्भ में पहले डीसी-एसडीएम व बाद में नेशनल हाईवे अथोरिटी के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया था। बातचीत में ये फाइनल किया गया है कि इसके सीधे रास्ते को बंद किया जाए ताकि वाहन हादसे का शिकार न हों। इसके लिए अब साइड से सर्विस रोड बनाई जाएगी जो आगे जाकर हांसपुर रोड से जुड़ेगी। दोनों ओर से आने वाले वाहनों को इसी सड़क से आना-जाना होगा। इससे हादसों में निश्चित तौर पर कमी आएगी। सीएम कार्यक्रम के बाद इस दिशा में काम शुरू करा दिया जाएगा।'
-वेद फुलां, बीजेपी जिलाध्यक्ष, फतेहाबाद।