मार्केट कमेटी कार्यालय में बैठक करते व्यापारी, आढ़ती व पुलिस प्रशासन। स्त्रोत : संवाद
भट्टूकलां। भट्टू अनाज मंडी में वीरवार रात मूंगफली की करीब 15 बोरियां चोरी हो गईं। घटना के बाद व्यापारियों और आढ़तियों ने मंडी के चारों गेट बंद कर ट्रकों की आवाजाही रोक दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सूचना देकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
चोरी हुआ माल माचरा ट्रेडिंग, सालासर ट्रेडिंग और हरियाणा ट्रेडिंग से संबंधित बताया गया है। सूचना मिलते ही भट्टू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक वीर सिंह की मौजूदगी में पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई।
इसके बाद मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के लिए मार्केट कमेटी कार्यालय में बैठक हुई। इसमें मार्केट कमेटी सचिव निशांत कुमार, व्यापार मंडल प्रधान प्रमोद कुमार, रजत सिंगला, राजेश भाम्भू, संदीप सहित पुलिस अधिकारी, व्यापारी और आढ़ती मौजूद रहे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी में शेड के नीचे बड़े ट्रक खड़े किए जाते हैं। इससे दुकानों के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों का दृश्य प्रभावित होता है और चोर इसका फायदा उठा सकते हैं।
सीजन में शेड के नीचे वाहन खड़े करने पर रोक
बैठक में निर्णय लिया गया कि सीजन के दौरान मंडी परिसर के अंदर शेड के नीचे ट्रक, ट्रैक्टर और डंपर खड़े नहीं किए जाएंगे। अनावश्यक वाहन पार्किंग पर भी रोक रहेगी। मार्केट कमेटी सचिव निशांत कुमार ने कहा कि मंडी की व्यवस्था और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। व्यापारियों ने पुलिस से चोरी की घटना की जांच कर आरोपियों का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। बैठक के बाद मंडी के चारों गेट खोल दिए गए और आवागमन सामान्य हो गया।