फतेहाबाद के भट्टू रोड पर जारी टावर लाइन का काम।
फतेहाबाद। शहर के भट्टू रोड पर शहरी बिजली वितरण निगम की ओर से टावर लाइन लगाने का काम शुरू कर दिया है। बिजली निगम ने 11 मीटर ऊंचाई के बिजली के खंभों के स्थान अब 15 मीटर ऊंचाई के टावर लगा रहा है। इसके लिए तीन करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।
इसके तहत भोडियाखेड़ा रोड पर 132 केवी कंट्रोल रूम से लेकर फतेहाबाद के 33 केवी सब स्टेशन तक लाइन लगाने का काम शुरू किया है। इसमें 15 मीटर ऊंचाई के टावर लाइन के 20 खंभे लगेगें। यह पूरा काम इसी माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
टावर लाइन से होगा फायदा :
शहर के रोड के साथ-साथ लगने वाली टावर लाइन से बिजली के तारों की ऊंचाई अधिक होगी, जिससे अधिक ऊंचाई के वाहन इनसे नहीं टकराएगें। टावर लाइन से मजबूती और करंट लगने का भी खतरा कम होगा। अकसर बिजली के तारों की ऊंचाई कम होने के कारण सड़क किनारे लगे पेड़ों की कटाई करनी पड़ती है, लेकिन टावर लाइन की ऊंचाई पेड़ों की ऊंचाई से अधिक होगी। इससे पर्यावरण में मदद मिलेगी। वहीं तेज अंधड़ और बारिश में बिजली की आपूर्ति ठप नहीं होगी।
:: बिजली निगम की ओर 11 केवीए लाइन को टावर लाइन में शिफ्ट किया जा रहा है। इससे निर्बाध बिजली आपूर्ति में सहायता मिलेगी। इस काम को गर्मी का सीजन शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाएगा ताकि लोगो को परेशानी ना हो।
रविंद्र, एसडीओ शहरी उपमंडल बिजली वितरण निगम फतेहाबाद।