सिरसा। प्रदेश सरकार की पॉलिसी के तहत जिला के नगरीय क्षेत्र से बाहर 15 काॅलोनियों को नियमित किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। वीरवार को एसडीएम राजेंद्र कुमार ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कॉलोनियों में आवश्यक मानकों का निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए है।
जिला स्तरीय स्क्रूटनी कमेटी की बैठक में जिला नगर योजनाकार अशोक गर्ग ने अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। एसडीएम ने बताया कि अवैध कॉलोनियों को निर्धारित मानदंडों के आधार पर नियमित करने के लिए प्रदेश सरकार की 19 जुलाई 2022 की पॉलिसी के तहत रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, कॉलोनाइजरों आदि से मानकों के आधार पर आवेदन मांगे थे। निर्धारित मानदंडों के अनुसार जिले की 15 काॅलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरु की गई है। इनमें सिरसा क्षेत्र की 8, ऐलनाबाद की 5, डबवाली व रानियां क्षेत्र की एक-एक कॉलोनी शामिल है। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।