अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। स्पेशल स्टाफ पुलिस ने 22 किलो डोडा पोस्त सहित एक युवक को काबू किया है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज देवीवाल ने बताया कि पुलिस टीम मंगलवार को गश्त के दौरान अग्रोहा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान भोडाहोसनाक स्थित नहर की पटरी पर एक युवक हाथ में कट्टा लिए आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक घबराया तो शक के आधार पर कट्टे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 22 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रामनिवास निवासी गांव कुलेरी के रूप में हुई है। सदर थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।