कर्मचारी को हटाए जाने के विरोध में आरोही स्कूल कर्मचारियों ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। आरोही स्कूल से ठेकेदार द्वारा हटाए गए चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों द्वारा हरियाणा राज्य चतुर्थ श्रेणी सरकारी कर्मचारी यूनियन के बैनर तले उपायुक्त कार्यालय पर चल रहा धरना बुधवार को 83वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत कर्मचारियों ने ऐलनाबाद के एक नेता पर कर्मचारियों को धमकाने का आरोप लगाया है।
धरने की अध्यक्षता करते हुए यूनियन के जिला प्रधान रमेश शर्मा ने कहा कि इन कर्मचारियों को धरने पर बैठे 83 दिन बीत चुके हैं, लेकिन कोई भी नेता इन कर्मचारियों की सुध नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी ठेकेदार के कारिंदों के बारे में सोशल मीडिया पर लोगों को बताते हैं तो उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐलनाबाद का एक नेता सरेआम कर्मचारियों को धमका रहा है। यूनियन ने प्रशासन को चेताया कि अगर धरने पर बैठे कर्मचारी को कोई जान-माल का नुकसान होता है तो इसका जिम्मेवार खुद प्रशासन होगा। धरने पर विनोद भिरड़ाना, किरपाल कम्बोज, संदीप, सुखविन्द्र, सुरेंद्र डारा मौजूद रहे।