अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भूना रैली से निकलने के बाद जीडी कालेज में बनाए गए हेलीपैड की ओर जाते समय अचानक मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपना काफिला रुकवा लिया और गाड़ी से नीचे उतर गए। अचानक से सीएम को बीच सडक़ पर गाड़ी रूकवाकर नीचे उतरते देखकर उनके साथ चल रहे अधिकारियों व सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बीच सडक़ पर सुरक्षाकर्मियों ने अपनी पोजीशन ले ली। लेकिन सीएम मनोहर लाल इस बीच सड़क किनारे एक खेत में पहुंच गए और नरमे की फसल का जायजा लिया। इस दौरान सीएम मनोहर लाल ने तकरीबन पांच मिनट तक नरमे की चुगाई भी की। इस मौके पर उनके साथ बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, मंत्री कृष्ण बेदी और जिलाध्यक्ष वेद फुलां भी मौजूद रहे।