पहली बार फतेहाबाद पहुंचे सीएम केजरीवाल ने आम आदमी के सामने खेला इमोशनल कार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। मूल रूप से हरियाणा के सिवानी के रहने वाले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल मंगलवार को पहली बार फतेहाबाद हलके के दौरे पर थे और भट्टू की अनाज मंडी में आयोजित जनसभा में मौजूद भीड़ के सामने बच्चों को लेकर जमकर इमोशनल कार्ड खेला। केजरीवाल ने भीड़ में मौजूद लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि कोई आपके पास आकर कहेगा कि हमें वोट दो, हम मंदिर बनवा देंगे तो कोई आकर कहेगा कि मस्जिद बनवा देंगे लेकिन आप अपने बच्चों को विरासत में क्या यही देना चाहते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अपने बच्चों को मंदिर-मस्जिद की बजाए स्कूल और अस्पताल दीजिए। उनके इतना कहते ही जनसभा में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर उनकी बात का समर्थन किया।
रद्द किया सरकारी स्कूल के निरीक्षण का कार्यक्रम, इंतजार करते रह गए डीईओ व स्कूल की बच्चियां
सीएम अरविंद केजरीवाल व शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया ने भट्टू गांव के गर्ल्स हाई स्कूल का निरीक्षण करना था, लेकिन अपने कार्यक्रमों के चलते वो समय पर स्कूल में नहीं पहुंच सके और स्कूल निरीक्षण का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। इससे पहले सीएम केजरीवाल के आने की सूचना पर जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग भी मौके पर पहुंच गए। स्कूल प्रबंधन ने भी स्कूल में अच्छी तरह साफ-सफाई करवा दी थी। लेकिन ढाई बजे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और सीएम केजरीवाल के कार्यक्रम के रद्द होने की बात बताई। इसके बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई।
ढोल पर नाचकर मानसा के सुरेंद्र गोयल ने बांधा समा, रैली में कम रही महिलाओं की हाजिरी
रैली में सीएम केजरीवाल 3 घंटे की देरी से पहुंचे लेकिन रैली में आए कार्यकर्ता का उत्साह बढ़ाने के लिए पंजाब के मानसा से आए सुरेंद्र गोयल ने रैली पंडाल के बाहर ढोल पर नाचकर कार्यकर्ताओं व लोगों का खूब मनोरंजन किया। करीब आधे घंटे तक पंडाल के बाहर ढोल पर नाचते रहे। रैली में महिलाओं की हाजिरी बहुत ही कम रही। रैली के पंडाल में 2 बजे तक केवल 5 ही महिलाएं मौजूद थी लेकिन केजरीवाल के आने से ठीक पहले कुछ महिलाएं रैली स्थल पर पहुंची। पूरे पंडाल में महिलाओं की संख्या 50 से भी कम थी।
कम पड़ी कुर्सियां तो मौके पर करना पड़ा और इंतजाम
शायद रैली के आयोजकों को उम्मीद नहीं थी कि रैली में इतनी भीड़ आयेगी। इसलिए रैली के लिए निर्धारित शेड में केवल आधी जगह में ही कुर्सियां लगाई गई थी लेकिन 12 बजे के करीब भीड़ बढ़ता देख आयोजकों ने तुरंत और कुर्सियों का इंतजाम किया। इसके बाद पूरे शेड में कुर्सियां लगाई गई।
एलईडी स्क्रीन लगाकर लोगों को दिखाई डाक्यूमेंट्री
रैली स्थल पर मंच के बिलकुल साथ एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। रैली शुरू होने से अंत तक एलईडी में दिल्ली सरकार द्वारा पिछले तीन सालों में स्कूलों व कॉलेजों में किए गए सुधार की डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई । इतना ही केजरीवाल व सिसोदिया के मंच पर आने के बाद भी स्कूलों व अस्पताल में हुआ सुधार पर दो डाक्यूमेंट्री लोगों को दिखाई गई।
रैली में पहुंचे बीजेपी, कांग्रेस और इनेलो समर्थक, केजरीवाल ने पुकारा तो उठाया हाथ
रैली में अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन के दौरान उपस्थित भीड़ से पूछा कि रैली में कौन-कौन बीजेपी, इनेलो व कांग्रेस के समर्थक हैं, इस पर अनेक लोगों ने हाथ उठाकर ये जताया भी कि वो विभिन्न दलों से हैं। इस पर केजरीवाल ने उनसे सवाल किया कि उनकी पार्टियों ने उन्हें क्या दिया, अगर कुछ नहीं मिला तो आप में शामिल हो जाओ, आपके बच्चों के लिए स्कूल-अस्पताल खोलेंगे और रोजगार दिलवाएंगे।